स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर: 19 सितम्बर 2025— छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों की 33 दिनों से जारी हड़ताल को लेकर राज्य सरकार ने अब कड़ा रुख अपनाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन यदि निर्धारित समयसीमा में कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं लौटते, तो सरकार नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर देगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हड़ताली कर्मचारियों की 10 प्रमुख मांगों में से 4 को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। 3 मांगों के समाधान के लिए विशेष समिति का गठन किया गया है, जबकि शेष 3 मांगों पर केंद्र सरकार से चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सामान्य करने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी। यदि कर्मचारी समय पर काम पर नहीं लौटते, तो नई नियुक्तियां की जाएंगी। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि हड़ताल के दौरान निलंबित या बर्खास्त कर्मचारियों को बहाल होने का अवसर दिया जाएगा।
जायसवाल ने स्वीकार किया कि लंबे समय से चल रही इस हड़ताल से राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानियों को देखते हुए अब यह जरूरी है कि कर्मचारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द कार्यस्थल पर लौटें। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही कर्मचारी काम पर लौटते हैं, सभी स्वास्थ्य सेवाएं तत्काल सुचारू कर दी जाएंगी। सरकार ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। हालांकि सरकार के आश्वासन से जहां कर्मचारियों में कुछ हद तक राहत मिली है, वहीं भर्ती की चेतावनी ने दबाव भी बढ़ा दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि NHM कर्मचारी जल्द काम पर लौटते हैं या हड़ताल आगे भी जारी रहती है।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509 (विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :(94252-44276)


