स्वतंत्र छत्तीसगढ़
जौनपुर /दुर्ग: 15 सितम्बर 2025– जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर के पास वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से आए श्रद्धालुओं से भरी एक AC बस ट्रेलर में पीछे से टकरा गई। हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में बस चालक दीपक (39, निवासी दुर्ग), आशा भवन (30), गुलाब (32) और एक महिला शामिल हैं, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
अयोध्या दर्शन कर वाराणसी जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बालाजी ट्रेवल्स की AC बस (नंबर CG 07 CT 4681) में 50 श्रद्धालु सवार थे। सभी पखांजूर से यात्रा पर निकले थे। वे 7 सितंबर को छत्तीसगढ़ से निकले और अमरकंटक, मैहर देवी, चित्रकूट, वृंदावन व अयोध्या में दर्शन करने के बाद वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। रविवार को सभी श्रद्धालुओं ने अयोध्या में रामलला और अन्य मंदिरों के दर्शन किए थे।
ओवरटेक के दौरान हादसा
SP डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि बस के आगे एक ट्रेलर चल रहा था। ओवरटेक करने की कोशिश में बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का केबिन पूरी तरह पिचक गया। स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हाईवे पर हादसे के चलते कुछ देर जाम भी लगा, जिसे बाद में खुलवाया गया।
दो महीने पहले खरीदी गई थी बस
हादसे की शिकार बस दो महीने पहले ही अर्जुंदा, बालोद निवासी वेद सोनकर ने खरीदी थी। बस में दो ड्राइवर थे। इनमें से अर्जुंदा निवासी चालक सुरक्षित है, जबकि दुर्ग निवासी चालक दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।
यात्रियों की दहशत भरी रात
बस में सवार श्रद्धालु दिलीप दास ने बताया कि हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। अधिकांश यात्री सो रहे थे। टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। उसने बताया कि ड्राइवर का केबिन बुरी तरह दब गया था और उसके साथी खिड़की से बाहर लटक रहे थे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509 (विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :(94252-44276)


