रायपुर : 29 अगस्त 2025
रायपुर। राजधानी पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान-अफगानिस्तान ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ा हुआ था और रायपुर समेत देश के कई राज्यों में ड्रग्स सप्लाई करता था। गुरुवार देर रात रायपुर पुलिस की विशेष टीम आरोपी को पंजाब से लेकर रायपुर पहुंची, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जल्द ही किया जाएगा।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाता था ड्रग्स
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन और अन्य ड्रग्स भारत मंगवाए जाते थे। इसके बाद पंजाब में बनाए गए नेटवर्क के जरिये देशभर में सप्लाई होती थी। छत्तीसगढ़ पुलिस पहले ही इस नेटवर्क के कई हिस्सों को ध्वस्त कर चुकी है।
थर्ड जेंडर की संलिप्तता की भी आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस सिंडिकेट में थर्ड जेंडर के कुछ लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। रायपुर एसएसपी, एएसपी क्राइम और डीएसपी क्राइम ने खुद देर रात आरोपी से पूछताछ की। पुलिस ने संदेह के आधार पर कई लोगों को तलब कर पूछताछ शुरू कर दी है।
रायपुर बना था लॉजिस्टिक हब
जांच में सामने आया है कि पंजाब का रहने वाला लवजीत सिंह उर्फ बंटी इस पूरे इंटरनेशनल नेटवर्क का सरगना है। वह पाकिस्तान से ड्रग्स मंगवाकर पंजाब के सीमावर्ती जिलों में छिपाता था। यहीं से बड़े पैमाने पर हेरोइन भारत के विभिन्न राज्यों में भेजी जाती थी।
छत्तीसगढ़ में इसका प्रमुख ठिकाना रायपुर का कमल विहार सेक्टर-4 स्थित एक फ्लैट था। इस फ्लैट का मालिक और स्थानीय सरगना सुवित श्रीवास्तव था, जो न केवल ड्रग्स रिसीव करता था, बल्कि आगे सप्लाई के लिए लोकल नेटवर्क भी चला रहा था। यह फ्लैट इस पूरे नेटवर्क का मेन लॉजिस्टिक हब बन चुका था, जहां से पेडलर्स और थोक डीलरों तक माल पहुंचाया जाता था।
हाई-टेक तरीके से बचाते थे निगरानी से
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नेटवर्क को सुरक्षित रखने के लिए नेट कॉलिंग, अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल नंबर, वॉट्सऐप और टेलीग्राम जैसे ऐप्स का इस्तेमाल करते थे। वीडियो कॉल, लाइव लोकेशन और फोटो शेयर करके ग्राहकों तक डिलीवरी कन्फर्म की जाती थी। इससे एजेंसियों की निगरानी से बचते हुए तेज़ी से नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा था।
अब तक 38 आरोपी गिरफ्तार
पिछले कुछ महीनों में छत्तीसगढ़ पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अभियान तेज किया है। अब तक 38 आरोपियों को अलग-अलग सिंडिकेट से गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से कई को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है जबकि कई से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि बड़े पैमाने पर इस अवैध नेटवर्क को तोड़ने में सफलता मिल रही है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि ड्रग्स माफिया की जड़ों को कमजोर करने के लिए सप्लायर के साथ-साथ नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी। खासकर, युवाओं को ड्रग्स की लत से बचाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


