सरगुजा: 26 अगस्त 2025,
जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोरजा में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गांव के दो मासूम बच्चे नहाने के दौरान पानी से भरे अवैध ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूब गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, कोरजा निवासी लोचन सिंह का बेटा रवि शंकर (10) और संतोष सिंह का बेटा अनुराग सिंह (10) मंगलवार दोपहर घर से खेलने निकले थे। खेलते-खेलते वे गांव के पास बने अवैध ईंट भट्ठे के गड्ढे तक पहुंचे। पानी भरे गड्ढे में नहाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे हिस्से में चले गए और डूब गए।
घटना के समय उनके साथ मौजूद एक और बच्चा डरकर भाग गया और किसी को कुछ नहीं बता पाया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे डूबे बच्चों में से एक के दादा ने वहां पड़े कपड़े देखकर शंका जताई और सरपंच को खबर दी। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शव बाहर निकाले गए। दोनों मासूम जमगला हॉस्टल में चौथी कक्षा के छात्र थे। रविवार को छुट्टी होने पर परिजन उन्हें घर लेकर आए थे। लेकिन छुट्टियों की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि नहाने के दौरान डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई है। देर शाम शवों को अस्पताल लाया गया और मॉर्च्युरी में रखा गया है। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। गांव में तीज का त्योहार मातम में बदल गया है और हर आंख नम है।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


