रायपुर/बिलासपुर, 15 जुलाई
कोरोना काल के दौरान बंद की गईं छत्तीसगढ़ की 13 से अधिक लोकल ट्रेनों को एक बार फिर से पटरी पर लौटाने का निर्णय दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने ले लिया है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद जोन ने इन ट्रेनों के संचालन की पूरी तैयारी कर ली है और आज से इन सभी ट्रेनों का संचालन पूर्व निर्धारित समय पर शुरू हो जाएगा। इन ट्रेनों के शुरू होने से रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, कटंगी और इतवारी जैसे छोटे-बड़े स्टेशनों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर रोजाना सफर करने वाले छात्र, कर्मचारी और ग्रामीण इलाकों के लोग लंबे समय से इन ट्रेनों के पुनः संचालन की मांग कर रहे थे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी ट्रेनें अपने पुराने समय और स्टॉपेज के अनुसार ही चलेंगी। इससे आम यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और किराया भी किफायती रहेगा।
सांसदों ने उठाई नई ट्रेन चलाने की मांग:
रेलवे प्रशासन के साथ हुई समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ के सांसदों ने रायपुर से गोवा तक सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग की। इसके अलावा बिलासपुर एक्सप्रेस को दुर्ग तक विस्तार देने की मांग की गई ताकि रीवा, बिलासपुर और दुर्ग-रायपुर में रहने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
जगदलपुर की 10 ट्रेनें अब भी रहेंगी प्रभावित:
वहीं दूसरी ओर, बस्तर अंचल के यात्रियों के लिए फिलहाल राहत की खबर नहीं है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि जगदलपुर से चलने वाली 10 ट्रेनें फिलहाल शॉर्ट टर्मिनेट रहेंगी। ये ट्रेनें आज, 15 जुलाई को भी जगदलपुर और किरंदुल तक नहीं जाएंगी, बल्कि ओडिशा के कोरापुट तक जाकर वहीं से वापस लौटेंगी। इस स्थिति से दक्षिण बस्तर के यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक रखरखाव और तकनीकी कारणों से यह निर्णय लिया गया है। जल्द ही इन ट्रेनों का संचालन भी सामान्य करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
यात्रियों में खुशी, किया स्वागत:
ट्रेनों के दोबारा शुरू होने की खबर से यात्रियों में खुशी की लहर है। कई दैनिक यात्रियों ने रेलवे प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से उन्हें बसों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि हो रही थी।
हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


