रायपुर: 8 जून 2025
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आज से शुरू हुए दो दिवसीय चिंतन शिविर पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे “चिंतन नहीं, पर्यटन शिविर” करार देते हुए कहा कि साय सरकार के मंत्रियों के लिए पाठशाला लगनी चाहिए क्योंकि सरकार से प्रशासन नहीं संभल रहा है।
बैज ने कहा कि सरकार ने डेढ़ साल में सिर्फ लूट और नाम बदलने का काम किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब शिविर के बहाने मंत्री पर्यटन कर लेंगे, लेकिन जनता को इससे कोई लाभ नहीं होगा।” मुख्यमंत्री द्वारा गौशालाओं का नाम बदलकर ‘गोधाम’ करने पर भी बैज ने कटाक्ष किया और कहा कि सरकार सिर्फ नाम बदल रही है, जमीनी काम नहीं कर रही।
पूर्व कांग्रेस नेता अरविंद नेताम की मुख्यमंत्री से मुलाकात पर भी बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नेताम को “बुझे हुए कारतूस” बताते हुए कहा कि वे अब बीजेपी और आरएसएस की भाषा बोल रहे हैं। बैज ने उन्हें और केदार कश्यप को चुनौती दी कि अगर वे उनके बयानों को गलत साबित नहीं कर पाए तो सार्वजनिक माफी मांगें।
बैज ने स्कूलों की बंदी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में 10,000 से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जिससे हजारों बच्चों का भविष्य अधर में है। उन्होंने शिक्षक संगठनों द्वारा शाला प्रवेश उत्सव के विरोध को जायज ठहराया।
बैज ने बीजेपी के ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान को झूठ का प्रचार बताते हुए कहा कि पार्टी के पुराने संकल्प ही आज तक सिद्ध नहीं हुए हैं। उन्होंने इस शिविर को बीजेपी का प्रोपेगेंडा करार दिया।
खबरें और भी…


