बिलासपुर में बर्थडे पार्टी विवाद के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई, न्यायिक अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मामले ने पकड़ा तूल |
बिलासपुर। महासमुंद फैमिली कोर्ट के जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मामले में बिलासपुर पुलिस विभाग ने सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य पर कार्रवाई की है। एसएसपी रजनेश सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। हालांकि, जारी आदेश में कार्रवाई की वजह प्रशासनिक बताई गई है। प्रदीप आर्य की जगह टीआई नरेश चौहान को सरकंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मामला एक प्रॉपर्टी डीलर की बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है, जहां महासमुंद फैमिली कोर्ट के जज प्रफुल्ल कुमार सोनवानी की पत्नी और साले के साथ कथित मारपीट हुई थी। घटना के बाद जज ने प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, दूसरी ओर से भी पुलिस में शिकायत की गई थी, जिसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया।
मामले में सरकंडा पुलिस द्वारा जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने पर न्यायिक अधिकारियों ने आपत्ति जताई थी। बताया जा रहा है कि न्यायिक अधिकारी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई से पहले संबंधित कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का परीक्षण किया जाना जरूरी था। घटना के समय एसएसपी रजनेश सिंह छुट्टी पर थे। उनके लौटने के बाद उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले में जवाब मांगा। इसके बाद टीआई प्रदीप आर्य को लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया गया। बताया जा रहा है कि एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया को लेकर पुलिस महकमे और न्यायिक अधिकारियों के बीच नाराजगी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी आदेश में कार्रवाई को प्रशासनिक आधार पर लिया गया निर्णय बताया गया है।
नए थाना प्रभारी बनाए गए टीआई नरेश चौहान का भी विवादों से पुराना नाता रहा है। वे इससे पहले रतनपुर, सीपत और कोटा जैसे महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। सीपत थाना प्रभारी रहते हुए एक गिरफ्तार युवक की सेंट्रल जेल में मौत का मामला सामने आया था। यह मामला आबकारी एक्ट के तहत ग्राम मोहरा से एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सामने आया था। प्रकरण हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा और शीर्ष अदालत के निर्देश पर फिलहाल इसकी जांच सीबीआई कर रही है। मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित बताया गया है। ऐसे में सरकंडा थाने की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नरेश चौहान की नियुक्ति भी चर्चा में है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


