IMD के अनुसार 2 नवंबर की आधी रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच नेल्लोर-नरसपुर के बीच तट पार करने की संभावना; कुछ इलाकों में 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार।
अमरावती। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से उबर रहे आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों पर अब चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय यह गंभीर चक्रवाती तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। पिछले छह घंटों में इसकी गति करीब 27 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक तूफान चेन्नई से लगभग 480 किलोमीटर, नेल्लोर से 550 किलोमीटर, मछलीपट्टनम से 560 किलोमीटर, ओंगोल से 600 किलोमीटर और विशाखापत्तनम से 610 किलोमीटर दूर है। इसके 2 नवंबर की आधी रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच नेल्लोर और नरसपुर के बीच आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा बना हुआ है।
तूफान के तट पार करने के समय हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। सोमवार दोपहर से तटीय क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने सोमवार को कृष्णा, गुंटूर, बापटला, मरकापुरम, प्रकाशम और नेल्लोर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। एलुरु, पश्चिम गोदावरी, पूर्वी गोदावरी, एनटीआर, पालनाडु, तिरुपति और चित्तूर जिलों में भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं अल्लूरी सीतारामाराजू, पोलावरम, काकीनाडा, डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनसीमा, नांदयाल, वाईएसआर कडपा और अन्नामय्या जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को भी आंध्र प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। अल्लूरी सीतारामाराजू, पोलावरम और एलुरु में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि विजयनगरम, एनटीआर, पालनाडु, मरकापुरम, प्रकाशम, नेल्लोर, तिरुपति, चित्तूर और अन्नामय्या जिलों में बहुत भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तूफान आगे बढ़ने के साथ तेलंगाना के कुछ हिस्सों को भी प्रभावित कर सकता है और बाद में कमजोर पड़ने की संभावना है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने और आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


