स्वतंत्र छत्तीसगढ़
प्रमुख बातें:
• बिल्हा क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन सगे भाइयों को मारी टक्कर
• हादसे में बरातु दास और प्रीतम दास की मौत, चंदू दास गंभीर रूप से घायल
• तीनों भाई गर्भवती बेटी का हालचाल जानने रिश्तेदार के घर गए थे
• बाइक खड़ी कर सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे तीनों भाई
• टक्कर के बाद बाइक माजदा के पहिए में फंसी, वाहन बिजली के खंभे से टकराया
• हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने माजदा जब्त किया
• फरार चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल है। हादसा उस समय हुआ, जब ग्राम भटगांव निवासी बरातु दास मानिकपुरी अपने भाइयों प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है और तीनों भाई उसका हालचाल जानने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद घर लौटते समय तीनों ने सड़क किनारे अपनी बाइक (सीजी 10 एक्स 7988) खड़ी की और आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान सेवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे माजदा वाहन (सीजी 10 सी 1868) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक माजदा के अगले पहिए में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद माजदा सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई और रुक गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को बिल्हा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों भाइयों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं तीसरे भाई चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गहरे जख्म हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर मृतकों के बेटे रूपेन्द्र दास ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त माजदा वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। हादसे में एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
ख़बरें और भी…


