मोहित नायक के दो शानदार गोल ने पलटा मुकाबला, दिग्गज खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मैनपाट बनी लीग चैंपियन |
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में मैनपाट की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई और पूरे मैच में विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। दोनों टीमों के बीच तेज और संघर्षपूर्ण मुकाबला देखने को मिला, लेकिन मैनपाट के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, सटीक पासिंग और गोल करने के अवसरों का शानदार इस्तेमाल करते हुए जीत सुनिश्चित की। इस ऐतिहासिक सफलता के साथ मैनपाट टाइटंस छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की चैंपियन बन गई।
मुकाबले के पहले क्वार्टर में ही मैनपाट टाइटंस के आनंद लाकड़ा ने पेनल्टी के जरिए गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के अभिषेक यादव ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे क्वार्टर में प्रह्लाद ने शानदार फील्ड गोल करते हुए मैनपाट को फिर से बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष जारी रहा। संस्कारधानी की ओर से सरिख अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर मुकाबले को रोमांचक बनाया, वहीं मैनपाट के संदीप ठाकुर ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। अंतिम क्वार्टर में मैनपाट के मोहित नायक ने लगातार दो शानदार फील्ड गोल दागकर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की वापसी की उम्मीदों पर विराम लगा दिया। उनके निर्णायक प्रदर्शन ने मैनपाट की जीत 4-2 से पक्की कर दी।
फाइनल मुकाबले में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, गृहमंत्री विजय शर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विशेष रूप से उपस्थित रहे। लीग के ब्रांड एंबेसडर एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इस प्रतियोगिता ने प्रदेश में हॉकी के प्रति बढ़ते उत्साह, स्थानीय प्रतिभाओं और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। मैनपाट टाइटंस की खिताबी जीत ने यह साबित किया कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की नई प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता रखती हैं।
खबरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


