समाज कार्य विभाग की पहल पर आदर्श विद्यालय के विद्यार्थियों ने लिया शैक्षणिक भ्रमण में हिस्सा; विशेषज्ञों ने मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक संतुलन का महत्व समझाया |
रायपुर। MATS विश्वविद्यालय, रायपुर के समाज कार्य विभाग द्वारा पंडरी परिसर में मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन विषय पर अतिथि व्याख्यान एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आदर्श विद्यालय, टाटीबंधा के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों से परिचित कराना तथा उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव ने मुख्य अतिथि डॉ. प्रकाश नारायण शुक्ला, संस्थापक एवं निदेशक, पीजीआईबीएएमएस का सम्मान किया। वहीं समाज कार्य विभाग की ओर से विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज कुमार पांडेय, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, नैदानिक मनोविज्ञान विभाग, पीजीआईबीएएमएस का स्वागत किया गया।
कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, आत्मानुशासन, नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली मानसिक स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने शैक्षणिक दबाव और विद्यार्थी जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भावनात्मक दृढ़ता विकसित करने तथा तनाव से निपटने के स्वस्थ तरीके अपनाने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि डॉ. प्रकाश नारायण शुक्ला ने शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के आपसी संबंधों पर प्रकाश डालते हुए नैतिक मूल्यों, संतोष और सकारात्मक जीवनशैली को स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया। विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया, कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव, प्रति-कुलपति डॉ. दीपिका धांढ, महानिदेशक श्री प्रियेश पगारिया, कुलसचिव श्री गोकुलानंद पांडा तथा विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना आर. तुपट के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ। इस पहल ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और उच्च शिक्षा के अवसरों को समझने का अवसर भी प्रदान किया। समाज कार्य विभाग ने आयोजन में सहयोग देने वाले विश्वविद्यालय प्रबंधन, आमंत्रित अतिथियों, आदर्श विद्यालय के प्रबंधन एवं शिक्षकगण तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


