स्वतंत्र छत्तीसगढ़
एक्सप्रेस-वे के पास दोपहिया-चारपहिया पार्किंग की सुविधा, गुढ़ियारी और गेट नंबर-1 के पास भी वाहन खड़े करने की व्यवस्था, दोपहिया के लिए 10 से 40 रुपये तक शुल्क, चारपहिया के लिए 20 से 70 रुपये तक पार्किंग दर निर्धारित , स्टेशन परिसर में अनधिकृत पार्किंग पर रोक, परेशानी होने पर 139 और रेल मदद से शिकायत की सुविधा
रायपुर। रेलवे स्टेशन के शहर साइड में आरक्षण केंद्र के पास संचालित दोपहिया पार्किंग को जल्द ही दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। स्टेशन के पुनर्विकास और निर्माण कार्यों के चलते मौजूदा पार्किंग स्थल को खाली कराया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने एक्सप्रेस-वे के पास दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की है। इसके अलावा गुढ़ियारी की तरफ भी पार्किंग सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि शहर साइड में गेट नंबर-1 के पास प्रीमियम पार्किंग की सुविधा जारी रहेगी।
नई पार्किंग व्यवस्था में दोपहिया वाहनों के लिए 2 घंटे तक 10 रुपये, 2 से 6 घंटे तक 15 रुपये, 6 से 12 घंटे तक 20 रुपये और 12 से 24 घंटे तक 30 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। 24 घंटे से अधिक अथवा प्रतिदिन पार्किंग के लिए 40 रुपये और मासिक पार्किंग के लिए 600 रुपये देने होंगे। निर्धारित शुल्क में वस्तु एवं सेवा कर शामिल है। साइकिल के लिए 2 घंटे तक और 2 से 6 घंटे तक 5 रुपये, 6 से 12 घंटे तक 10 रुपये तथा 12 से 24 घंटे तक 15 रुपये शुल्क रहेगा। प्रतिदिन साइकिल पार्किंग के लिए 20 रुपये और मासिक पार्किंग के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
चारपहिया वाहनों के लिए 2 घंटे तक 20 रुपये, 2 से 6 घंटे तक 30 रुपये, 6 से 12 घंटे तक 40 रुपये और 12 से 24 घंटे तक 60 रुपये पार्किंग शुल्क निर्धारित किया गया है। 24 घंटे से अधिक या प्रतिदिन वाहन खड़ा करने पर 70 रुपये शुल्क देना होगा। रेलवे ने यात्रियों को पार्किंग शुल्क जमा करने के बाद रसीद अवश्य लेने और उसे सुरक्षित रखने की सलाह दी है, ताकि निर्धारित शुल्क से अधिक भुगतान की स्थिति से बचा जा सके।
पार्किंग स्थल बदलने के बाद यात्रियों को अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में ही खड़े करने होंगे। स्टेशन परिसर या किसी अनधिकृत स्थान पर वाहन खड़ा करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से पार्किंग स्थल तक पहुंचने के लिए लगाए गए संकेतकों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पार्किंग से संबंधित किसी समस्या या शिकायत के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139, रेल मदद सुविधा, पार्किंग कर्मचारी अथवा रेलवे स्टाफ से संपर्क कर सकते हैं।
ख़बरें और भी…


