खम्हारडीह थाना क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रहे राजेंद्र सिंह को बनाया निशाना, पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी; दिवाली के आसपास मोबाइल लूट की दूसरी घटना।
राजधानी रायपुर में दीपावली के दौरान मोबाइल लूट की वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक मीडियाकर्मी का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजेंद्र सिंह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने कार्यालय के पास बाइक रोकी और किसी से बातचीत करने लगे। तभी एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन बदमाशों ने अचानक उनका मोबाइल छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
वारदात इतनी तेजी से हुई कि राजेंद्र सिंह को संभलने और आरोपियों को पकड़ने का मौका तक नहीं मिला। घटना की शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल तीनों आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि दीपावली के आसपास राजधानी में मोबाइल लूट की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले 4 नवंबर की रात मुजगहन थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से जा रही एक एयर होस्टेस का आईफोन छीन लिया था। उस घटना के बाद भी आरोपी फरार हो गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से शहर में राह चलते लोगों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस के सामने दोनों वारदातों के आरोपियों को पकड़ने की चुनौती है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

