Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रायपुर की डुमरतराई अनाज मंडी में भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक; करोड़ों के नुकसान की आशंका…

दीपावली की देर रात हुआ बड़ा हादसा, स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी दुकानों में लगी आग; दमकल और SDRF की करीब 10 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं।

रायपुर: राजधानी रायपुर के डुमरतराई अनाज मंडी में 8 नवंबर की देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में मंडी स्थित तीन दुकानें दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेश्वरी आ गईं। तीनों दुकानें बी-164, बी-165 और बी-166 नंबर पर स्थित हैं। आग इतनी भयावह थी कि लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, माना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इन दुकानों में स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी का सामान रखा हुआ था। दुकानों में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते तीनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इस दौरान दुकानों के भीतर से कई धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास के व्यापारियों और लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग, एसडीआरएफ और निजी औद्योगिक प्लांटों की करीब 10 गाड़ियों को लगाया गया। राहत एवं बचाव दल लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। माना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही दुकानों में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा। दीपावली की रात हुए इस अग्निकांड से मंडी के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

ख़बरें और भी…

हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

Exit mobile version