रायपुर के फूल चौक स्थित रायपुर नेत्र चिकित्सालय में आयोजित होगा 71वां नि:शुल्क शिविर, डॉ. दिनेश मिश्र करेंगे मरीजों का उपचार |
रायपुर: दीपावली के दौरान पटाखों से आंखों में चोट लगने वाले लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर में दो दिवसीय नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश मिश्र के मार्गदर्शन में यह शिविर 8 और 9 नवंबर को फूल चौक स्थित रायपुर नेत्र चिकित्सालय में लगाया जाएगा। इस वर्ष शिविर का आयोजन लगातार 36वें वर्ष किया जा रहा है और यह 71वां शिविर होगा। वर्ष 1991 में दीपावली के दौरान डॉक्टरों की सीमित उपलब्धता और पटाखों से घायल मरीजों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए इसकी शुरुआत की गई थी। अब तक इस पहल के माध्यम से 4700 से अधिक मरीजों को उपचार की सुविधा मिल चुकी है। होली के अवसर पर भी इसी तरह का नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया जाता है।
डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि दीपावली रोशनी और खुशियों का त्योहार है, लेकिन पटाखे चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही आंखों की रोशनी तक छीन सकती है। उन्होंने लोगों से बम, अनार और रॉकेट जैसे पटाखे जलाते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा पटाखों के बेहद करीब झुककर आग नहीं लगाने की अपील की है। जलते हुए पटाखों को सड़क पर फेंकने और छोटे बच्चों को अकेले पटाखे चलाने देने से बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि पटाखों के विस्फोट से निकलने वाली गैस, बारूद और कोयले के सूक्ष्म कण आंखों की बाहरी झिल्ली, पुतली और अंदरूनी हिस्सों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। बड़े पटाखों से चोट लगने पर आंख में खून उतरने, मोतियाबिंद और रेटिना यानी आंख के पर्दे को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। इसके कारण तेज जलन, दर्द और धुंधला दिखाई देने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉ. मिश्र ने बताया कि पटाखा आंख के पास फूटने पर जलन या दर्द महसूस होने की स्थिति में आंखों को बिल्कुल नहीं रगड़ना चाहिए। चेहरे और आंखों को साफ पानी से धीरे-धीरे धोना चाहिए, ताकि बारूद और गर्म कण बाहर निकल सकें। इसके बाद बिना देरी किए नेत्र विशेषज्ञ से जांच और उपचार कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंखों की चोट को मामूली समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति में घायल मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए यह नि:शुल्क शिविर लगाया जा रहा है। मरीज शिविर के दौरान रायपुर नेत्र चिकित्सालय, फूल चौक पहुंचकर नि:शुल्क परामर्श और उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

