Ukraine School Attack: राहत सामग्री लेने पहुंचे नागरिकों को बनाया निशाना, बचाव अभियान के दौरान भी बरसाए गए बम; राष्ट्रपति जेलेंस्की ने जताया गहरा दुख।
यूक्रेन के जापोरिजिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा गांव में रूसी हवाई हमले ने भीषण तबाही मचा दी है। यहां राहत सामग्री वितरण केंद्र के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे एक स्कूल को निशाना बनाया गया, जिसमें अब तक 40 लोगों की मौत होने की खबर है। हमले के दौरान स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में लोग मानवीय सहायता लेने पहुंचे थे। कई लोग घायल हुए हैं, जबकि 30 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। शुरुआती जानकारी में 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 40 तक पहुंच गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की जानकारी देते हुए रूस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रूसी सेना ने हमले में नौ हवाई बमों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि पहले राहत सामग्री लेने पहुंचे नागरिकों को निशाना बनाया गया और इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे बचावकर्मियों तथा पुलिस अधिकारियों पर भी हमले किए गए। जेलेंस्की के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान लगातार नए हमलों का खतरा बना हुआ है, जिससे बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ मृतकों की पहचान भी अभी तक नहीं हो सकी है।
इस हमले पर इजरायल के विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की है। मंत्रालय ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि कोमिशुवाखा में नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया जाना बेहद दुखद है। जिस स्कूल पर हमला हुआ, उसका इस्तेमाल मानवीय सहायता वितरण केंद्र के रूप में किया जा रहा था। इजरायल ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति दुख व्यक्त किया है। फिलहाल मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
ख़बरें और भी …
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

