सीएम योगी आदित्यनाथ ने UPA सरकार पर साधा निशाना, कहा- 2014 से पहले गैस कनेक्शन के लिए देने पड़ते थे 25 हजार से 50 हजार रुपये; महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के लिए जल्द आएगा विशेष पैकेज |
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलपीजी कनेक्शन और उज्ज्वला योजना को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले घरेलू गैस कनेक्शन हासिल करना आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती थी। उस समय लोगों को गैस कनेक्शन लेने के लिए कथित तौर पर 25 हजार से 50 हजार रुपये तक ब्लैक में खर्च करने पड़ते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर रसोई की व्यवस्था को आसान बनाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र परिवारों को दिवाली और होली पर एक-एक एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देने की व्यवस्था की गई है। इस योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल पर सब्सिडी उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 1,500 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि प्रदेश में 1.89 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को एलपीजी रिफिल सब्सिडी का लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। पहले जो पैसा भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की भेंट चढ़ जाता था, वही अब गरीब परिवारों की बचत का माध्यम बन रहा है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए जल्द ही एक विशेष पैकेज लाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि देश में लगभग 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने वर्ष 2014 से पहले की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए बेरोजगारी, किसानों की आत्महत्या, गरीबी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर तत्कालीन यूपीए सरकार की आलोचना की। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स, 2जी स्पेक्ट्रम और कोयला आवंटन घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयास किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

