Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

सूरजपुर में राज्योत्सव की धूम, संस्कृति और विकास की झलक ने मोहा मन…

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ, उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारी और प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित ।

सूरजपुर:छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान राज्यगीत का सामूहिक गायन किया गया। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राजवाड़े ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, समृद्ध संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व है। प्रदेश 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने पृथक छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले पुरखों को नमन किया।

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी लोककला, लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं के कारण विशिष्ट पहचान रखता है तथा विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ दूरस्थ क्षेत्रों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित सूरजपुर के निर्माण में जनभागीदारी का आह्वान किया। कलेक्टर रेना जमील ने जिले के विकास, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस विभाग के कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बबली को 3,100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहीं रानी गुप्ता को 2,100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कमला गुप्ता को 1,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विभागीय प्रदर्शनी में जिला पंचायत को पहला, स्वास्थ्य विभाग को दूसरा तथा शिक्षा एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला।

समारोह में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों, विभागीय प्रदर्शनियों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आकर्षण बढ़ाया। मंत्री राजवाड़े ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेकर प्रतिभागियों की सराहना की। स्कूली बच्चों ने कर्मा नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा, एकता और विकास का संदेश दिया। आमंत्रित कलाकारों ने लोकगीतों और छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कुर्सी दौड़, रस्साकशी सहित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया, वहीं पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा लाल राजवाड़े, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

ख़बरें और भी…

हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

Exit mobile version