नवा रायपुर में तीन दिनों तक सजेगा लोककला और संस्कृति का मंच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता |
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज 1 नवंबर से नवा रायपुर अटल नगर में तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शाम 6 बजे राज्योत्सव मैदान में महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, जनजातीय परंपराओं और विकास यात्रा को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है। उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
राज्योत्सव 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों के लोककलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। तीन दिनों तक लोकसंगीत, नृत्य, पारंपरिक कलाओं और जनजातीय संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियां महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की सांस्कृतिक विविधता को मंच देने के साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और विकास की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को हुआ था और इस वर्ष राज्य अपनी स्थापना की 26वीं वर्षगांठ मना रहा है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया राज्योत्सव के अलावा स्वास्थ्य शिक्षा और खेल से जुड़े कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम 5 बजे नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे राज्योत्सव का शुभारंभ और रात 8 बजे रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने पर भी जोर रहेगा। राज्योत्सव के आगामी तीन दिनों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की कला, संस्कृति, पर्यटन संभावनाओं और विकास यात्रा की झलक देखने को मिलेगी।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

