BSUP कॉलोनियों और देवार डेरों में पहुंची पुलिस, बाहरी लोगों-किरायेदारों का सत्यापन; पुराने अपराधियों की गतिविधियों की भी हुई जांच |
रायपुर। त्योहारों से पहले शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर उत्तर, मध्य और पश्चिम जोन की पुलिस टीमों ने एक साथ छह इलाकों में दबिश दी। इस अभियान में तीनों जोन के सैकड़ों पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस की टीमें BSUP कॉलोनियों और देवार डेरों में पहुंचीं तथा वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।
उत्तर जोन की टीमों ने रामनगर BSUP कॉलोनी, गुढ़ियारी और दलदल सिवनी BSUP कॉलोनी, पंडरी में जांच की। मध्य जोन की पुलिस लभांडी BSUP कॉलोनी, तेलीबांधा तथा देवरपारा और सुभाष नगर पहुंची, जबकि पश्चिम जोन की टीमों ने बोरियाखुर्द BSUP कॉलोनी, टिकरापारा और देवार डेरा, लालपुर, न्यू राजेंद्र नगर में कार्रवाई की। इन क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से आकर रह रहे लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही किरायेदारों का पुलिस सत्यापन हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने पुराने आपराधिक मामलों में शामिल रहे और निगरानी में रखे गए लोगों की गतिविधियों की भी पड़ताल की तथा उन्हें दोबारा अपराध में शामिल नहीं होने और कानून का पालन करने की समझाइश दी।
अभियान के दौरान न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामिली भी की गई। पुलिस ने संबंधित लोगों को जांच या पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के मद्देनजर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, पुराने अपराधियों की सक्रियता की जांच करने और संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए यह कार्रवाई की गई है। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

