Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

धमतरी में चक्रवात का असर: भारी बारिश की आशंका, गंगरेल बांध से कभी भी छोड़ा जा सकता है अतिरिक्त पानी…

जिला प्रशासन ने नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की दी सलाह; गंगरेल बांध में 59.53 प्रतिशत जलभराव, मुरूमसिल्ली में 90.72 प्रतिशत क्षमता तक पानी।

धमतरी, 27 अक्टूबर 2026। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से आगामी दिनों में धमतरी जिले में भारी वर्षा, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन जलाशयों के जलस्तर और उनमें पानी की आवक पर लगातार निगरानी रख रहा है। प्रशासन के अनुसार, संभावित भारी बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी की आवक बढ़ने पर रविशंकर सागर बांध (गंगरेल) से किसी भी समय अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है। ऐसी स्थिति में नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की आशंका को देखते हुए नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

27 अक्टूबर 2026 को सुबह 7 बजे उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, गंगरेल बांध का जलस्तर 345.03 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसका पूर्ण जलाशय स्तर 348.70 मीटर है। बांध में पानी की आवक 5,904 क्यूसेक और जीवित जलभराव क्षमता का उपयोग 59.53 प्रतिशत बताया गया। दुधावा बांध का जलस्तर 424.03 मीटर है, जबकि पूर्ण जलाशय स्तर 425.12 मीटर निर्धारित है। यहां पानी की आवक 209 क्यूसेक और जलभराव क्षमता 84.21 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, मुरूमसिल्ली बांध की जीवित जलभराव क्षमता 90.72 प्रतिशत तथा सौंदूर बांध का जलस्तर 469.71 मीटर दर्ज किया गया। सौंदूर बांध का पूर्ण जलाशय स्तर 471.065 मीटर है और वहां पानी की आवक 20 क्यूसेक बताई गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से नदी, नालों, पुल-पुलियों और तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। बच्चों और युवाओं को नदी-नालों में नहाने, मछली पकड़ने या तेज बहाव पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है। पुल-पुलियों के ऊपर पानी बहने पर वहां से गुजरने का जोखिम न उठाएं। निचले और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले परिवार सतर्क रहें तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहें। भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पेड़ों, बिजली के खंभों तथा जर्जर इमारतों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन दल को सूचना दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।

ख़बरें और भी…

हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509

Exit mobile version