बीएसपी नगर सेवा विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सड़क किनारे खड़े वाहनों और अनधिकृत दुकानों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी
भिलाई। सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवा विभाग और यातायात पुलिस ने फॉरेस्ट एवेन्यू रोड पर संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। बोरिया गेट से जे.पी. सीमेंट चौक, सेक्टर-4 तक 5 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान में सड़क किनारे लगाए जा रहे फल ठेलों और खड़े किए जा रहे ट्रकों को हटाने की कार्रवाई की गई।
नगर सेवा विभाग के प्रवर्तन अनुभाग और भिलाई यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक अभियान चलाया। इस दौरान फल ठेला विक्रेताओं और ट्रक चालकों को सड़क किनारे अनधिकृत रूप से दुकानें लगाने तथा वाहन खड़े करने से बचने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण और बेतरतीब वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है तथा राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अभियान के दौरान सामान्य पाली समाप्त होने के बाद संयंत्र एवं कार्यालय क्षेत्र से निकलने वाले कुछ कर्मचारियों के वाहन भी सड़क किनारे खड़े मिले। संयुक्त टीम ने संबंधित कर्मचारियों को सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ वाहनों के क्रमांक भी अभिलेख में दर्ज किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने संबंधित सभी लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और फॉरेस्ट एवेन्यू रोड को अवरोध-मुक्त रखने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, सड़क पर अतिक्रमण की दोबारा स्थिति न बने और यातायात निर्बाध रहे, इसके लिए क्षेत्र में नियमित निगरानी जारी रहेगी। आवश्यकता के अनुसार आगे भी संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाए जाएंगे।

