Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता ‘पुष्पांजलि’ में बच्चों ने बिखेरा भारतीय संस्कृति का रंग…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भरतनाट्यम से लेकर कथक और ओडिसी तक की मनमोहक प्रस्तुतियां
सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने भाव-भंगिमाओं से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, विजेताओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह से किया सम्मानित

रायपुर। आंध्रा एसोसिएशन के तत्वावधान में देवेंद्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में राष्ट्रीय स्तर की भारतीय शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता ‘पुष्पांजलि’ का आयोजन किया गया। श्रीमती डॉ. एम. वरलक्ष्मी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में देश की विविध शास्त्रीय नृत्य परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती नेहा पटनायक, श्रीमती पी. अनिता और श्री डी. प्रभाकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सात शास्त्रीय नृत्य शैलियों की दी गई प्रस्तुतियां

प्रतियोगिता में बच्चों ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न विधाओं का शानदार प्रदर्शन किया। भरतनाट्यम, आंध्र नाट्यम, मोहिनीअट्टम, ओडिसी, कथक, मणिपुरी और कथकली जैसी नृत्य शैलियों में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने अपनी भाव-भंगिमाओं, लय, ताल और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सभागार में मौजूद दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

अतिथियों और निर्णायक मंडल की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा उपस्थित रहे। संस्था के अध्यक्ष श्री जी. स्वामी सहित श्री टी. श्रीनिवास रेड्डी, श्री के. एस. आचार्युलु, डॉ. बी. रमेश पटनायक, टी. सुरेश, के. वी. काशी, सी. साई गोपाल, एम. वेंकट बाबू और हरिवल्लभ सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. फ्रेनी जय प्रकाश, उप प्राचार्या, शिक्षकगण और अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. संगीता कापसे, श्रीमती तुली मुखर्जी, श्री हरीश बहादुर और श्री जय कुमार शामिल रहे। निर्णायकों ने विभिन्न वर्गों में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

विजेता कलाकारों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता में विभिन्न नृत्य विधाओं के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कलाकारों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।

आयोजन की सफलता में इनका रहा सहयोग

कार्यक्रम के सफल संचालन में वी. एन. के. वर्षिका, गरिमा मिश्रा, वर्षिता, सी. एच. मयूरी, टी. ज्योति, गायत्री बांधी, जान्हवी नायडू, दामिनी, जान्हवी सोनी, मीना आचारी, एन. सात्विका और एन. संजना का सहयोग प्रशंसनीय रहा। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपराओं से जुड़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version