Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

महासमुंद में गांजा तस्करों पर बड़ा शिकंजा: 1.23 करोड़ का गांजा जब्त, 10 आरोपी गिरफ्तार…

ऑपरेशन निश्चय के तहत एक ही दिन में तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, 246 किलो से अधिक गांजा बरामद; अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच तेज

हेडलाइंस

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद, सांकरा और बसना थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में तीन अलग-अलग कार्रवाइयां की गईं। पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीमों ने कुल 246.25 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 23 लाख 12 हजार 500 रुपये बताई गई है। तीनों मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है।

घोड़ारी नाके पर दो कारों से तस्करी की कोशिश नाकाम

पहली कार्रवाई महासमुंद थाना क्षेत्र के घोड़ारी नाके के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो कारों के जरिए ओडिशा से गांजा भिलाई ले जाया जा रहा है। पुलिस की चेकिंग देखकर तस्करों ने वाहनों को वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों वाहनों को मूढ़ेना के पास पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान एक कार से 117.15 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 58 लाख 57 हजार 500 रुपये है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग भी पुलिस की पकड़ में आया। पुलिस ने गांजे के अलावा दो कार, चार मोबाइल फोन और सोने जैसे आभूषण जब्त किए हैं। इस मामले में कुल जब्ती करीब 71 लाख 96 हजार 500 रुपये की बताई गई है।

सांकरा में ANTF के साथ संयुक्त कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई सांकरा थाना क्षेत्र के बिजेपुर मोड़, NH-53 पर की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने एक सफेद रंग की बलेनो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी में कार से 83.100 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 41 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।

इस मामले में मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल बलेनो कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस प्रकरण में कुल जब्ती की कीमत करीब 47 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

बसना में थार वाहन से 46 किलो गांजा बरामद

तीसरी कार्रवाई बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली में हुई। पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने ओडिशा की ओर से आ रहे थार वाहन क्रमांक MH 31 GA 9533 को घेराबंदी कर रोका। वाहन की तलाशी लेने पर 46 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर महाराष्ट्र के नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से गांजे के अलावा करीब 15 लाख रुपये कीमत की थार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस मामले में कुल जब्ती करीब 38 लाख 20 हजार रुपये की बताई गई है।

तस्करी नेटवर्क और मास्टरमाइंड की तलाश जारी

महासमुंद के एएसपी सुशील कुमार नायक के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस और एएनटीएफ की टीमें अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर लगातार नजर रख रही हैं। एक ही दिन में तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया गया है।

पुलिस अब ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते दूसरे राज्यों तक गांजा पहुंचाने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने पेट्रोलिंग और जांच अभियान भी तेज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

खबरें और भी…

Exit mobile version