स्वतंत्र छत्तीसगढ़
प्रमुख बातें
खारुन नदी के दोनों पुराने पुलों के बीच करीब 200 मीटर लंबा नया पुल बनाया जाएगा।
पुल और फ्लाईओवर समेत दोनों कार्यों के लिए 96 करोड़ रुपए का प्रस्ताव एनएचएआई को भेजा गया है।
एनएच-53 पर चंदनीडीह मोड़ के पास करीब 600 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा फ्लाईओवर प्रस्तावित है।
खारुन नदी के पुलों से रोजाना करीब डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं।
टाटीबंध से नेहरू नगर चौक तक क्रैश बैरियर और सर्विस लेन चौड़ीकरण भी परियोजना में शामिल है।
रायपुर। रायपुर-दुर्ग सीमा पर खारुन नदी के दोनों पुराने पुलों के बीच नया फोरलेन पुल बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके साथ ही एनएच-53 पर नंदनवन के पास चंदनीडीह मोड़ पर करीब 600 मीटर लंबा फ्लाईओवर भी प्रस्तावित है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दोनों महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए करीब 96 करोड़ रुपए का प्रस्ताव नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को भेजा है।
खारुन नदी पर मौजूदा दोनों पुल काफी पुराने हो चुके हैं। दुर्ग से रायपुर की दिशा में जाने वाला पुल करीब 40 साल पुराना है, जबकि रायपुर से दुर्ग की ओर जाने वाला पुल लगभग 22 वर्ष पुराना है। इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है और वर्तमान में दोनों पुलों से रोजाना करीब डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं। पुराने समय में जहां अधिकतम 40 टन क्षमता वाले वाहन चलते थे, वहीं अब करीब 120 टन तक के भारी वाहन भी इस मार्ग से गुजर रहे हैं।
योजना के अनुसार नया पुल पुराने दोनों पुलों के बीच बनाया जाएगा। इसकी लंबाई करीब 200 मीटर होगी और इसे दो हिस्सों में तैयार किया जाएगा। दोनों हिस्सों की चौड़ाई 9.50-9.50 मीटर प्रस्तावित है। नया फोरलेन पुल तैयार होने के बाद मौजूदा दोनों पुराने पुलों का इस्तेमाल सर्विस लेन के रूप में किया जा सकेगा। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात संचालन बेहतर होने और पुलों पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
एनएच-53 पर चंदनीडीह मोड़ के पास भी यातायात सुगम बनाने के लिए फ्लाईओवर बनाया जाएगा। यहां बड़ी संख्या में भारी वाहन चंदनीडीह और नंदनवन की ओर मुड़ते हैं, जिसके कारण मुख्य हाईवे पर वाहनों की गति प्रभावित होती है और जाम की स्थिति बनती है। प्रस्तावित फ्लाईओवर करीब 30 मीटर चौड़ा होगा। इसके अलावा टाटीबंध से नेहरू नगर चौक तक हाईवे के दोनों ओर क्रैश बैरियर लगाने और सर्विस लेन को चौड़ा करने का काम भी इसी परियोजना में शामिल किया गया है। इसी वजह से क्रैश बैरियर के लिए पहले जारी अलग निविदा को निरस्त कर दिया गया है।
पीडब्ल्यूडी एनएच के एसडीओ आरएस गंजीर के अनुसार, खारुन नदी पर दोनों पुराने पुलों के बीच नया फोरलेन पुल और चंदनीडीह में फ्लाईओवर बनाने की योजना है। दोनों कार्यों के लिए 96 करोड़ रुपए का प्रस्ताव एनएचएआई को भेजा गया है। निर्माण एजेंसी द्वारा टाटीबंध से नेहरू नगर चौक तक क्रैश बैरियर लगाने और सर्विस लेन चौड़ी करने का काम भी किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद रायपुर-दुर्ग मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा में सुधार की उम्मीद है।
ख़बरें और भी…

