स्वतंत्र छत्तीसगढ़
प्रमुख बिंदु
- नवा रायपुर में ‘DOCTOR AMMA’ डॉक्यूमेंट्री का विशेष प्रदर्शन
- डॉ. सी. राजेश्वरी के चिकित्सा सेवा और मानवता के प्रति समर्पण को किया गया याद
- कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष की धर्मपत्नी सहित कई गणमान्य अतिथि हुए शामिल
- निःशुल्क चिकित्सा सेवा को बनाया था जीवन का ध्येय
नवा रायपुर। श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर में 8 सितंबर 2026 को डॉ. सी. राजेश्वरी जी के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘DOCTOR AMMA’ का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया। डॉक्यूमेंट्री में उनके चिकित्सा क्षेत्र में योगदान, मानव सेवा के प्रति समर्पण और निःस्वार्थ भाव से किए गए कार्यों को केंद्र में रखा गया है। डॉ. राजेश्वरी जी श्री सी. श्रीनिवास की माताजी तथा श्री सत्य साई स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवा आंदोलन की प्रेरणास्रोत थीं।
डॉ. सी. राजेश्वरी जी ने भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन और घाना में भी चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने MD, DGO, FICS, MRCOG और Diploma in Nutrition जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की थीं। आंध्र प्रदेश में उन्होंने 25 वर्षों से अधिक समय तक स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा प्रोफेसर के रूप में शासकीय सेवा में योगदान दिया। चिकित्सा क्षेत्र में कार्य करते हुए उन्होंने अनेक चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया और अपने ज्ञान एवं अनुभव को समाज की सेवा के लिए समर्पित किया।
भगवान श्री सत्य साई बाबा के आह्वान पर वर्ष 1972 में व्हाइटफील्ड, बेंगलुरु स्थित अस्पताल से जुड़ने के बाद डॉ. राजेश्वरी जी ने निःशुल्क चिकित्सा सेवा को अपने जीवन का प्रमुख ध्येय बना लिया। उनका मानना था कि पीड़ित व्यक्ति की सहायता करना ही सच्ची सेवा है। वे दूसरों की सेवा को अपने लिए विश्राम के समान मानती थीं। 10 जून 2001 को श्री सत्य साई अस्पताल, व्हाइटफील्ड में अपने प्रवचन के दौरान भगवान श्री सत्य साई बाबा ने भी उनके सेवा-समर्पण का विशेष उल्लेख किया था। बताया गया कि उन्होंने अपनी पूरी कमाई अस्पताल की सेवा के लिए समर्पित कर दी थी और जीवन की अंतिम सांस तक सेवा में लगी रहीं।
डॉ. राजेश्वरी जी की सेवा-परंपरा आज भी श्री सत्य साई संजीवनी अस्पतालों के माध्यम से आगे बढ़ रही है। नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी मातृ एवं शिशु अस्पताल इसी सेवा भावना का प्रतीक है, जहां जरूरतमंदों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। ‘DOCTOR AMMA’ इसी विचार को सामने लाती है कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद और राहत पहुंचाने का माध्यम भी हो सकती है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रमण सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, बीएसएफ के द्वितीय कमांडेंट रविंद्र झा, ब्रह्मा कुमारीज रायपुर की क्षेत्रीय निर्देशिका बी.के. सविता दीदी, श्री सत्य साई हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के चेयरमैन सी. श्रीनिवास तथा डॉक्यूमेंट्री के लेखक एवं निर्देशक निजामुद्दीन शाह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। ‘DOCTOR AMMA’ डॉ. राजेश्वरी जी के जीवन, त्याग, करुणा और मानव सेवा की ऐसी प्रेरक कहानी प्रस्तुत करती है, जो आने वाली पीढ़ियों को निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित कर सकती है।
ख़बरें और भी …

