स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने कई जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) के साथ-साथ संभागीय स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी आदेश में दो संभागों के प्रभारी अधिकारियों की अदला-बदली के अलावा सात जिलों में जिला शिक्षा अधिकारियों को बदला गया है। आदेश के बाद शिक्षा विभाग में प्रशासनिक जिम्मेदारियों को लेकर व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि कई प्राचार्यों को पदोन्नत अथवा नई जिम्मेदारी देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार सौंपा गया है।
जारी आदेश के मुताबिक बिलासपुर और सरगुजा संभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। बिलासपुर संभाग के प्रभारी उप संचालक राजेश सिंह को सरगुजा संभाग का प्रभारी उप संचालक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें सरगुजा संभागीय संयुक्त संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं सरगुजा में पदस्थ अश्वनी भारद्वाज को बिलासपुर लाकर बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस बदलाव के जरिए दोनों संभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया गया है। विभागीय आदेश में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलों में भी कई महत्वपूर्ण तबादले किए गए हैं। जांजगीर-चांपा के प्रभारी DEO ए.के. सिन्हा का तबादला सूरजपुर किया गया है, जबकि उनकी जगह खिसोरा स्कूल के प्राचार्य मनोहर प्रताप सिंह को जांजगीर-चांपा का नया प्रभारी DEO बनाया गया है। बिलासपुर के DEO रामेश्वर जायसवाल को समग्र शिक्षा मिशन में जांजगीर का जिला मिशन समन्वयक नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर कोरबा जिले के करतला BEO संदीप कुमार पांडे को बिलासपुर का नया DEO बनाया गया है। दुर्ग में संचालनालय में पदस्थ सहायक संचालक जगजीत धीर को जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
मुंगेली में भी प्रशासनिक बदलाव हुआ है। यहां एल.पी. डहीरे को हटाकर बिलासपुर संभाग में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है, जबकि उनकी जगह डॉ. मोहन लाल पटेल को मुंगेली का प्रभारी DEO बनाया गया है। इसी क्रम में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में उपेंद्र कुमार देवांगन, बलौदाबाजार में शिव कुमार गेंदले और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में पुरुषोत्तम लाल साहू को नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। मोहला के पूर्व DEO योगदास साहू को DIET खैरागढ़ का प्राचार्य बनाया गया है। विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को नई जिम्मेदारियों के साथ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई पदस्थापना के बाद संबंधित जिलों में शिक्षा विभाग की प्रशासनिक गतिविधियों और योजनाओं के संचालन की जिम्मेदारी अब नए अधिकारियों के हाथों में होगी।
ख़बरें और भी…

