स्वतंत्र छत्तीसगढ़
हाईलाइट्स
• विधायक पुरंदर मिश्रा ने छात्रों को लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की दी प्रेरणा
• वाइस चांसलर प्रो. के. पी. यादव ने एकेडमिक और रिसर्च गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी पर दिया जोर
• 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों का विशेष सम्मान
रायपुर। MATS यूनिवर्सिटी में नए दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, सुविधाओं, अवसरों एवं कैंपस लाइफ से परिचित कराने के उद्देश्य से ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नए छात्रों को उनकी शैक्षणिक यात्रा के नए चरण की शुरुआत पर शुभकामनाएं देते हुए लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल बेहतर करियर का माध्यम नहीं है, बल्कि जिम्मेदार और सामाजिक रूप से जागरूक नागरिक तैयार करने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
वाइस चांसलर प्रो. के. पी. यादव ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विजन और सकारात्मक शिक्षण वातावरण की जानकारी दी। उन्होंने फैकल्टी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से क्लासरूम लर्निंग के साथ प्रैक्टिकल गतिविधियों, रिसर्च और विश्वविद्यालय की विभिन्न पहलों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। चांसलर श्री गजराज पगारिया ने भी विद्यार्थियों को एकेडमिक लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने तथा को-करिकुलर और एक्स्ट्रा-करिकुलर गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। डायरेक्टर जनरल श्री प्रियेश पगारिया ने छात्रों को उत्साह, जिज्ञासा और सीखने की इच्छा के साथ यूनिवर्सिटी लाइफ का अनुभव लेने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान 12वीं कक्षा में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का समापन रजिस्ट्रार श्री गोकुलानंद पांडा के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. शाइस्ता अंसारी, डॉ. आशीष सराफ, डॉ. अभिषेक गुरु सहित विभिन्न स्कूलों एवं विभागों के प्रमुख, फैकल्टी सदस्य, विश्वविद्यालय अधिकारी और छात्र मौजूद रहे। अंत में सभी ने ग्रुप फोटो के साथ नए विद्यार्थियों की नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत को यादगार बनाया।

