Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड देगा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’, 10 श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़

होटल, टूर ऑपरेटर, होमस्टे, पर्यटन स्टार्टअप से लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एडवेंचर टूरिज्म तक को मिलेगा पुरस्कार, आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026.

रायपुर, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करेगा। इस पुरस्कार योजना के तहत पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी में एक विजेता को 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की इस पहल का उद्देश्य केवल पर्यटन स्थलों का प्रचार करना नहीं, बल्कि पर्यटन से जुड़ी पूरी श्रृंखला को प्रोत्साहित करना है। इसमें होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला पर्यटन प्रबंधन, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को सम्मान के दायरे में शामिल किया गया है।

पर्यटन क्षेत्र की 10 श्रेणियों में मिलेगा सम्मान

पुरस्कार के लिए निर्धारित प्रमुख श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप अथवा उद्यमिता पुरस्कार, CTB स्टार परफॉर्मर के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड शामिल हैं।

सर्वश्रेष्ठ होटल के चयन में सेवाओं और सुविधाओं के साथ वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार, आयोजित कार्यक्रम, पर्यटन प्रचार, सतत पर्यटन, CSR गतिविधियों और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा। वहीं पंजीकृत टूर ऑपरेटरों का मूल्यांकन आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन गतिविधियों के संचालन तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के आधार पर किया जाएगा।

उत्कृष्ट पर्यटन जिले और स्टार्टअप को भी मिलेगा मंच

‘सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड’ के माध्यम से ऐसे जिले को सम्मानित किया जाएगा, जिसने पर्यटन विकास, गंतव्य प्रबंधन और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया हो। पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, प्रकृति आधारित गतिविधियां, ग्रामीण जीवनशैली, संस्कृति और पर्यटन के माध्यम से रोजगार सृजन जैसे बिंदुओं को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया है।

युवा उद्यमियों और नए विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप और उद्यमिता पुरस्कार भी रखा गया है। इस श्रेणी में ऐसे स्टार्टअप और उद्यमियों को पहचान मिलेगी, जिन्होंने नवाचार, नई तकनीक, बेहतर सेवाओं और नए व्यावसायिक मॉडलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने का प्रयास किया है।

होमस्टे और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को विशेष अवसर

पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले होमस्टे संचालकों को भी सम्मानित किया जाएगा। चयन में बुकिंग, पर्यटकों की संख्या, सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा, शिकायत निवारण और स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को बढ़ावा देने जैसे मानकों को महत्व दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के अवसर पैदा करने वाले होमस्टे मॉडल को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय जीवन, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थल और पर्यटन स्थलों को लोकप्रिय बनाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की श्रेणी रखी गई है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर डिजिटल कंटेंट के माध्यम से पर्यटन प्रचार में योगदान देने वालों को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।

पर्यावरण और एडवेंचर पर्यटन को भी प्राथमिकता

सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड दिया जाएगा। नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्थानीय समुदायों की भागीदारी तथा प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता के संरक्षण को मूल्यांकन में प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालकों को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड दिया जाएगा। सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पर्यटन अनुभव, नए एडवेंचर प्रोडक्ट और प्राकृतिक गंतव्यों के प्रचार को भी महत्वपूर्ण माना जाएगा।

15 सितंबर तक भेजें आवेदन

इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े पात्र हितधारक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण निर्धारित पात्रता और मूल्यांकन मानदंडों के आधार पर किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की यह पहल पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे राज्य के होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे, टूर ऑपरेटर, स्टार्टअप, कंटेंट क्रिएटर और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को अपने उत्कृष्ट कार्यों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

Exit mobile version