स्वतंत्र छत्तीसगढ़
गृह एवं पुलिस विभाग ने जारी की बड़ी तबादला सूची, कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह एवं पुलिस विभाग ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 31 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है। सुशासन तिहार के बाद विभिन्न विभागों में चल रहे प्रशासनिक बदलावों के बीच जारी इस सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों के पद और जिम्मेदारियों में परिवर्तन किया गया है। सबसे प्रमुख नियुक्ति के रूप में आईपीएस पवन देव को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष पद से हटाकर महानिदेशक नगर सेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची में आईपीएस गुरजिंदर पाल सिंह को महानिदेशक प्रशिक्षण एवं राज्य पुलिस अकादमी का प्रमुख बनाया गया है। वहीं एस.आर.पी. कल्लूरी को पुलिस मुख्यालय के प्रशासन विभाग से स्थानांतरित कर प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस प्रदीप गुप्ता को एडीजी प्रशासन एवं चयन के साथ संचालक अभियोजन का अतिरिक्त प्रभार मिला है। विवेकानंद सिन्हा को नक्सल ऑपरेशन और एसटीएफ की जिम्मेदारियों के साथ एडीजी वित्त, योजना एवं प्रबंधन का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
आईजी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अंकित कुमार गर्ग, प्रशांत कुमार अग्रवाल, पारुल माथुर, मनीष शर्मा और श्वेता राजमणि सहित अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। पारुल माथुर को आईजी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, जबकि श्वेता राजमणि को आईजी दूरसंचार एवं डायल 112 की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा प्रशासन, चयन, सीआईडी, यातायात और अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं में भी अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। सरकार के इस व्यापक फेरबदल को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
