Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

नई सरकार के गठन के बाद छत्तीसगढ़ में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रायपुर, छत्तीसगढ़। प्रदेश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण कार्य तेजी से जारी है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद से अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे।

हेड लाइंस
नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास हुए पूर्ण
प्रथम कैबिनेट बैठक में 18 लाख से अधिक आवास निर्माण का लिया गया था संकल्प
पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख से अधिक आवास पूर्ण, देश में सर्वाधिक उपलब्धि का दावा
प्रदेश में अब तक 20.40 लाख से अधिक मकानों का निर्माण पूर्ण
लगभग 4 लाख आवासों का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगतिरत

प्रथम कैबिनेट में लिया गया था 18 लाख आवासों का संकल्प उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई सरकार के गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही प्रदेश के पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने और उनके निर्माण का संकल्प लिया गया था। इसी निर्णय के अनुरूप आवास निर्माण को सरकार ने प्राथमिकता देते हुए आवश्यक राशि उपलब्ध कराई और पुराने तथा नए वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य को गति दी गई।

पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख से अधिक आवास पूरे श्री शर्मा के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में प्रदेश में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए। यह उपलब्धि पूरे देश में सर्वाधिक रही। पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने के लिए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

20.40 लाख से अधिक मकानों का निर्माण पूरा उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची में शामिल सभी पात्र परिवारों के आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रदेश में कुल स्वीकृत आवासों में से अब तक 20 लाख 40 हजार से अधिक मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं करीब 4 लाख आवासों का निर्माण कार्य वर्तमान में जारी है। सरकार निर्माणाधीन मकानों को भी जल्द पूरा कराने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास कर रही है।

पुराने लंबित आवासों को भी मिली प्राथमिकता श्री शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण किए गए 11 लाख से अधिक आवासों में पिछले वित्तीय वर्षों में स्वीकृत वे मकान भी शामिल हैं, जो विभिन्न कारणों से लंबे समय से लंबित थे। ऐसे आवासों को आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर पूरा कराया गया। पिछले ढाई वर्षों में पुराने और नए वित्तीय वर्षों के आवासों को मिलाकर 11 लाख से अधिक परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री आवास और विशेष योजनाओं में भी तेजी वर्तमान सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 48 हजार आवासों में से करीब 20 हजार आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत लगभग 23 हजार आवास भी इस उपलब्धि में शामिल हैं। इसके अलावा विशेष परियोजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद और वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

गरीबों को पक्की छत देना सरकार की प्राथमिकता उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हर गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने के संकल्प को छत्तीसगढ़ सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कराने के प्रयास जारी हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से गरीब परिवारों के जीवन में स्थायी और सकारात्मक बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है।

खबरें और भी…

Exit mobile version