Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

रायपुर में बैंक खाते से 14.97 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़

ग्राहक की जानकारी के बिना मोबाइल नंबर बदलकर एफडी तुड़वाने और रकम ट्रांसफर करने का आरोप।

हेड लाइंस
ग्राहक की जानकारी के बिना बदला गया बैंक खाते का मोबाइल नंबर
सीनियर सिटीजन के खाते से 14.97 लाख रुपये निकालने का आरोप
एक्सिस बैंक का डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन गिरफ्तार
एफडी तोड़कर रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का आरोप
पूर्व बैंक कर्मचारी समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी

रायपुर, छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर में बैंक खाते से जुड़ी बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गंज थाना पुलिस ने एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर-फाफाडीह शाखा के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन को ग्राहक के खाते से करीब 15 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बैंकिंग सिस्टम का कथित रूप से गलत इस्तेमाल करते हुए सीनियर सिटीजन ग्राहक के खाते से कुल 14 लाख 97 हजार 451 रुपये 32 पैसे की राशि निकालने में भूमिका निभाई।

बिना अनुमति बदला गया रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर : मामला गंज थाना में अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार एक्सिस बैंक की ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना बड़ी रकम ट्रांसफर और विड्रॉल की गई। बैंक की आंतरिक जांच के बाद शाखा प्रबंधक ने इसकी शिकायत गंज थाना में दर्ज कराई, जिसके बाद जांच में डिप्टी मैनेजर की कथित भूमिका सामने आई।

कम सक्रिय खाते को बनाया निशाना : पुलिस पूछताछ के अनुसार ठगी के लिए ऐसे खाते को चुना गया, जिसमें लंबे समय से ज्यादा गतिविधियां नहीं हो रही थीं। आरोपियों ने बिलासपुर निवासी सीनियर सिटीजन ग्राहक सुषमा कुमार के खाते को निशाना बनाया। जांच में आरोप है कि डिप्टी मैनेजर ने ग्राहक के खाते की जानकारी अपने एक साथी को दी, जो पहले एक्सिस बैंक में कर्मचारी रह चुका था। पूर्व कर्मचारी ने कथित तौर पर सुषमा कुमार के नाम से फर्जी कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म तैयार कर बैंक की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा।

मोबाइल नंबर बदलने के बाद खाते तक पहुंच : पुलिस के अनुसार बैंक प्रक्रिया के तहत आवेदन आगे बढ़ाने के बाद ग्राहक का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदल दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने बैंक का मोबाइल एप इंस्टॉल कर खाते तक पहुंच बनाई। ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई गई और योगेश येडे के खाते को बेनिफिशियरी के रूप में जोड़ने का आरोप है। इसके बाद ग्राहक की एफडी बंद कर राशि सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर की गई।

एफडी तोड़कर दूसरे खाते में भेजी गई रकम : पुलिस के मुताबिक एफडी की राशि सेविंग अकाउंट में आने के बाद पूरी रकम योगेश येडे के इंडियन सेल्स नामक खाते में ट्रांसफर कर दी गई। बाद में पंडरी स्थित बैंक शाखा से सेल्फ चेक के माध्यम से दो बार में नकद राशि निकाली गई। इस तरह कुल 14 लाख 97 हजार 451 रुपये 32 पैसे की राशि निकालने का आरोप है।

26 वर्षीय डिप्टी मैनेजर गिरफ्तार, जांच जारी : पुलिस ने एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन, उम्र 26 वर्ष और मूल निवासी सतना को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य पूर्व बैंक कर्मचारी की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी है। पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड, ई-मेल ट्रेल, मोबाइल एप गतिविधियों, ट्रांजेक्शन और कैश विड्रॉल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी…

Exit mobile version