स्वतंत्र छत्तीसगढ़
दुर्ग, छत्तीसगढ़। दुर्ग जिले से एक नवविवाहिता की फांसी लगाने से मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी रवीना यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले विपुल यादव से हुई थी। मायके पक्ष ने पति के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और घटना से पहले हुए विवाद को मौत की वजह बताया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
हेड लाइंस
दुर्ग में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
मायके पक्ष ने पति के कथित अफेयर को बताया मौत की वजह
मृतका ने रात में पति को करीब 17 बार किया था फोन
परिजनों के अनुसार किसी भी कॉल का नहीं मिला जवाब
घटनास्थल से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
उतई पुलिस मोबाइल और कॉल डिटेल समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच
17 बार फोन करने का दावा: मृतका के मामा साहब लाल यादव के अनुसार, 14 अगस्त की रात रवीना और उसका पति घर पर थे। इस दौरान पति के कथित प्रेम संबंध को लेकर विवाद होने की बात सामने आई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद रवीना को कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद उसने रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच पति को लगभग 17 बार फोन किया, लेकिन कथित तौर पर किसी कॉल का जवाब नहीं मिला। परिजनों का यह भी दावा है कि इससे पहले रवीना ने कथित प्रेमिका से करीब 15 मिनट तक फोन पर बातचीत की थी।
कमरे में दुपट्टे से लगाई फांसी: इसके बाद रवीना ने कथित तौर पर कमरे में पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। नवविवाहिता की मौत के मामले में पंचनामा महिला कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया गया। 15 अगस्त की सुबह मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद जौनपुर से परिजन दुर्ग पहुंचे।
मोबाइल और कॉल डिटेल की जांच: उतई पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 16 अगस्त को महिला चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद मृतका के पिता लल्लन यादव समेत मायके पक्ष के परिजन शव लेकर जौनपुर रवाना हो गए। पुलिस अब मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद, कथित प्रेम संबंध और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
खबरें और भी…

