स्वतंत्र छत्तीसगढ़
धमतरी, छत्तीसगढ़
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी जिले में पर्यटन, साहसिक खेल और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। रुद्री बांध परिसर में बहुप्रतीक्षित कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने किया। इस पहल से रुद्री और गंगरेल क्षेत्र में जल पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
हेड लाइंस
रुद्री बांध परिसर में कयाकिंग अकादमी का भव्य शुभारंभ
जल पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स को मिलेगा नया बढ़ावा
स्थानीय युवाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के खुलेंगे अवसर
महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से मजबूत होगी स्थानीय आजीविका
महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कयाकिंग का लिया अनुभव
पर्यटन और एडवेंचर का नया केंद्र बनेगा रुद्री-गंगरेल: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के अनुसार कयाकिंग अकादमी की शुरुआत गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ और कर्मा महिला स्व-सहायता समूह, रुद्री के संयुक्त सहयोग से की गई है। रुद्री बांध की प्राकृतिक सुंदरता, विशाल जलराशि और मनोरम वातावरण को देखते हुए यह क्षेत्र जल आधारित साहसिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। अकादमी के माध्यम से स्थानीय युवाओं के साथ पर्यटकों को भी कयाकिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स का अनुभव मिल सकेगा।
युवाओं को प्रशिक्षण, महिलाओं को आजीविका के अवसर: महापौर रामू रोहरा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि पर्यटन आधारित स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है। कयाकिंग अकादमी से युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ने से महिला सशक्तिकरण और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए साधन विकसित होंगे।
कयाकिंग से बढ़ेगा जल पर्यटन: महापौर ने कहा कि कयाकिंग रोमांच और मनोरंजन के साथ शारीरिक फिटनेस के लिए भी उपयोगी गतिविधि है। इससे क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को नया आकर्षण मिलेगा और रुद्री-गंगरेल का नाम जल क्रीड़ा एवं साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से उभरेगा। आने वाले समय में यहां जल पर्यटन से जुड़ी अन्य सुरक्षित और व्यवस्थित गतिविधियों के विस्तार की भी संभावनाएं हैं।
‘जल, प्रकृति और समुदाय के साथ नई शुरुआत’ का संदेश: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अकादमी के शुभारंभ को जल, प्रकृति और समुदाय के साथ नई शुरुआत के संदेश से जोड़ा गया। कयाकिंग अकादमी का संदेश “Paddle Your Way to Adventure – Live Life One Stroke at a Time” युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और प्रकृति के प्रति जुड़ाव की भावना को प्रोत्साहित करने वाला बताया गया।
महापौर और कलेक्टर ने लिया रोमांच का अनुभव: शुभारंभ अवसर पर महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वयं कयाक में बैठकर चप्पू चलाया और इस साहसिक जल खेल का अनुभव लिया। अधिकारियों ने इसे धमतरी जिले में साहसिक पर्यटन और जल क्रीड़ा के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय पहल बताया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद: कार्यक्रम में एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह, जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन, रुद्री सरपंच सहित जनप्रतिनिधि, गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन, कर्मा महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
खबरें और भी…

