Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

जशपुर में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री राजेश अग्रवाल ने ली परेड की सलामी; उत्कृष्ट कार्य करने वाले 167 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित…

रिपोर्ट : आनंद गुप्ता

जशपुरनगर, छत्तीसगढ़

जिला मुख्यालय जशपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह रणजीता स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश भी उपस्थित जनसमूह को पढ़कर सुनाया। समारोह में विभिन्न सुरक्षा बलों, स्कूली विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं की टुकड़ियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने देशभक्ति के रंगों से पूरे वातावरण को सराबोर कर दिया।

हेड लाइंस
रणजीता स्टेडियम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण
मंत्री ने कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के साथ किया परेड का निरीक्षण
12 प्लाटूनों ने किया अनुशासित मार्चपास्ट, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंट रहे परेड कमांडर
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल देकर किया सम्मानित
स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सामूहिक व्यायाम की प्रस्तुतियों से बांधा समां
जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 167 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला प्रशस्ति-पत्र

परेड का निरीक्षण, शांति और सद्भाव के गुब्बारे छोड़े गए : ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद परेड की सलामी ली गई। समारोह के दौरान शांति, सद्भावना और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ रंगीन गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए। तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति के भाव से भरे इस आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी मौजूद रहे।

12 प्लाटूनों ने दिखाया अनुशासन और उत्साह : स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कुल 12 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व मुख्य परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंट ने किया, जबकि टू-आईसी की जिम्मेदारी सूबेदार रवि साहू ने संभाली। परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी और एनएसएस की टुकड़ियों के साथ वनवासी कल्याण आश्रम, सेंट जेवियर शांति भवन और सरस्वती शिशु मंदिर सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। विभिन्न टुकड़ियों की एकरूपता, अनुशासन और जोश ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का किया सम्मान : राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने उनका हालचाल जाना और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने देश की आजादी और राष्ट्र की रक्षा के लिए दिए गए बलिदानों को स्मरण करते हुए परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

बैंड की देशभक्ति धुनों से गूंजा समारोह स्थल : सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत सेंट जेवियर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर के विद्यार्थियों की बैंड प्रस्तुति से हुई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति की धुनों पर शानदार प्रदर्शन कर उपस्थितजनों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन किया गया। बच्चों के अनुशासन, समन्वय और ऊर्जा से भरपूर प्रदर्शन को उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने सराहा।

विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां : समारोह में वनवासी कल्याण आश्रम पूर्व माध्यमिक शाला, सेजेश हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुरांचल इंग्लिश मीडियम स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, संत जेवियर्स शांति भवन हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम, शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम नवीन आदर्श विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और भारत की गौरवशाली परंपराओं का संदेश दिया।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 167 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित : स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 167 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पुलिस, शिक्षा, वन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, राजस्व, कृषि और आदिम जाति कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। इस सम्मान को आगे भी बेहतर सेवाएं देने और जनहित के कार्यों में निरंतर योगदान के लिए प्रेरणादायी बताया गया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित : कार्यक्रम में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक समारोह में शामिल हुए।

देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ हुआ समापन : स्वतंत्रता दिवस का यह जिला स्तरीय समारोह राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशभक्ति के संदेश के साथ संपन्न हुआ। पूरे आयोजन में युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम का संचालन डी. आर. राठिया एवं जयेश सौरभ टोपनो ने किया। समारोह ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने के साथ ही नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।

यह भी जरूर पढ़ें;गरिमा गृह में शान से लहराया तिरंगा, ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन…

खबरें और भी…

Exit mobile version