Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

CBI की भिलाई-3 रेलवे PP यार्ड में बड़ी कार्रवाई, सीनियर DME का चेंबर सील; रिश्वत मांगने की शिकायत पर जांच…

भिलाई, छत्तीसगढ़।

भिलाई-3 स्थित रेलवे के पावर हाउस (PP) यार्ड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की अचानक कार्रवाई से रेल महकमे में हड़कंप मच गया। दिल्ली से पहुंची CBI की विशेष टीम ने यार्ड में दबिश देकर जांच शुरू की और कार्रवाई के दौरान सीनियर DME (डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर) के. अनमोल उईके के चेंबर को सील कर दिया।

हेड लाइंस
दिल्ली से पहुंची CBI की विशेष टीम ने भिलाई-3 रेलवे PP यार्ड में की जांच
सीनियर DME के. अनमोल उईके का चेंबर सील, दस्तावेजों और रिकॉर्ड की पड़ताल
ठेकेदार की शिकायत पर बकाया बिल पास करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
बिल भुगतान और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच जारी
आधिकारिक बयान के बाद ही मामले की पूरी स्थिति होगी स्पष्ट

ठेकेदार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई : सूत्रों के अनुसार, CBI की कार्रवाई एक ठेकेदार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की जा रही है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बकाया बिलों को पास करने के एवज में वरिष्ठ अधिकारी द्वारा कथित रूप से मोटी रकम की रिश्वत मांगी जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए CBI की विशेष टीम जांच के लिए भिलाई पहुंची।

दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले : शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे CBI टीम ने सीनियर DME कार्यालय में दोबारा जांच शुरू की। इस दौरान संबंधित दस्तावेजों, फाइलों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की बारीकी से पड़ताल की गई। बिल भुगतान से जुड़े दस्तावेजों और कथित वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कार्यालय और जांच क्षेत्र में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार : CBI की जांच और कार्रवाई को लेकर रेलवे महकमे में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, आरोपों और जांच के निष्कर्षों की आधिकारिक पुष्टि CBI अथवा संबंधित अधिकारियों के बयान के बाद ही हो सकेगी। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट होने की संभावना है।

खबरें और भी…

Exit mobile version