रायपुर, छत्तीसगढ़।
शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ एवं ‘मिशन स्पंदन’ के संयुक्त तत्वावधान में “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के तहत विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने हाथ आगे बढ़ाकर जीवनभर नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
अभियान में सक्रिय सहभागिता और सहयोग के लिए ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने महाविद्यालय प्रशासन को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया। इस दौरान ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा’ से जुड़े पोस्टर और पम्फलेट प्रदर्शित कर विकसित भारत के निर्माण में नशा मुक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया।
संस्था के प्रतिनिधियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं का नशा मुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही परिवार और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की।
खबरें और भी…

