रायपुर, छत्तीसगढ
बीजेपी की तिरंगा यात्रा आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत मंत्री, विधायक, सांसद और कार्यकर्ता होंगे शामिल।
इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक रहेगा यात्रा मार्ग।
कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा।
रायपुर : भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। रायपुर में यात्रा की शुरुआत सुबह 10 बजे इंडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब से होगी और यह गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन के सामने रोड, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम, मोतीबाग चौक तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधि होंगे शामिल: तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, सांसद, विधायक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों के भी यात्रा में शामिल होने की संभावना है।
इन मार्गों पर यातायात रहेगा प्रभावित: यात्रा के दौरान इंडोर स्टेडियम, गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन के सामने रोड, महिला थाना चौक, फायर ब्रिगेड चौक और सुभाष स्टेडियम तक का मार्ग आम यातायात के लिए बाधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक इन मार्गों से बचने की अपील की है।
वाहन चालकों के लिए डायवर्सन: बूढ़ेश्वर चौक से बूढ़ापारा बिजली ऑफिस की ओर जाने वाले वाहन बूढ़ेश्वर चौक परिक्रमा पथ, पुलिस लाइन गेट और कालीबाड़ी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। शास्त्री चौक से महिला थाना की ओर आने वाले वाहन बंजारी चौक, राजभवन चौक, कालीमाई तिराहा, ओसीएम चौक और कालीबाड़ी मार्ग से जा सकेंगे। वहीं कालीबाड़ी से कोतवाली चौक की ओर जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, महिला थाना चौक, ओसीएम चौक, काली माता मंदिर तिराहा, राजभवन चौक और घड़ी चौक मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
सदर बाजार और कोतवाली क्षेत्र में भी बदलाव: कोतवाली से कालीबाड़ी तथा सदर बाजार से बूढ़ापारा की ओर जाने वाले वाहन चालक सदर बाजार मार्ग, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और पुलिस लाइन गेट होकर आवागमन कर सकेंगे।
यहां पार्क कर सकेंगे वाहन: तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले नागरिक अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कर इंडोर स्टेडियम तक पैदल पहुंच सकेंगे। बूढ़ा तालाब गार्डन, इंडोर स्टेडियम के पीछे मैदान, बूढ़ा तालाब परिक्रमा पथ और महाराजबंद तालाब की ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस की अपील: बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य और सावधानी के साथ वाहन चलाने तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लोगों से निर्धारित डायवर्सन मार्गों का उपयोग करने और अनावश्यक रूप से यात्रा मार्ग पर जाने से बचने को कहा गया है।
खबरें और भी…

