स्वतंत्र छत्तीसगढ़
हेड लाइंस
राशन कार्डधारकों के लिए खाद्य विभाग का बड़ा अलर्ट
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले हितग्राहियों को मिल सकती है परेशानी
एमसीबी जिले में 29 हजार से अधिक सदस्य अब भी ई-केवाईसी से वंचित
सभी उचित मूल्य दुकानों को अभियान तेज करने के निर्देश जारी
एमसीबी, छत्तीसगढ़: सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन कार्डधारकों के लिए खाद्य विभाग ने ई-केवाईसी अभियान को तेज कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राशन कार्ड में दर्ज सभी पात्र सदस्यों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरी कराई जाए। जिन हितग्राहियों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। समय पर ई-केवाईसी नहीं होने पर भविष्य में राशन वितरण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावित हो सकता है।
29 हजार से अधिक सदस्य अब भी ई-केवाईसी से वंचित
खाद्य विभाग के अनुसार 28 जुलाई 2026 तक एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले में कुल 1,16,582 राशन कार्डों में 3,65,669 सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें से 3,26,881 सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 29,229 पात्र सदस्य अब भी ई-केवाईसी से वंचित हैं। इसके अलावा 992 ई-केवाईसी स्वीकृति प्रकरण, 37,796 लंबित सदस्य, 10,286 एपीएल श्रेणी के सदस्य तथा 5 वर्ष से कम आयु के 9,559 बच्चों की ई-केवाईसी प्रक्रिया भी लंबित है।
उचित मूल्य दुकानों को दिए गए सख्त निर्देश
जिला खाद्य अधिकारी ने सभी खाद्य निरीक्षकों और उचित मूल्य दुकान संचालकों को अभियान की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक दुकान से ई-केवाईसी पूर्णता प्रमाण-पत्र, शेष सदस्यों की कारणवार एवं सदस्यवार सूची, 60 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों, दिव्यांगजनों, डुप्लीकेट राशन कार्डधारकों तथा आधार रहित सदस्यों की अलग-अलग जानकारी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा गया है।
क्या करें राशन कार्डधारक?
यदि आपके राशन कार्ड में किसी भी सदस्य की ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुई है, तो जल्द से जल्द अपने नजदीकी उचित मूल्य दुकान या संबंधित खाद्य विभाग कार्यालय में जाकर आधार के माध्यम से ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा लें। इससे राशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी और सरकारी योजनाओं का लाभ लगातार मिलता रहेगा। विभाग का लक्ष्य जिले में समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करना है।
खबरें और भी…

