स्वतंत्र छत्तीसगढ़
हेड लाइंस
• एमसीसी ने NEET UG Counselling 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी किया
• AIQ का पहला राउंड 4 से 17 अगस्त, राज्य कोटा 13 अगस्त से शुरू
• 8 सितंबर से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र
• आवेदन, चॉइस फिलिंग और सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया ऑनलाइन
• इस बार लागू हुए तीन नए नियम, अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
नई दिल्ली: मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG Counselling 2026 का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। एमबीबीएस, बीडीएस और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में अखिल भारतीय कोटा (AIQ), डीम्ड यूनिवर्सिटी और केंद्रीय विश्वविद्यालयों की सीटों पर प्रवेश के लिए पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। वहीं, 2026-27 शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 8 सितंबर 2026 से शुरू होंगी।
AIQ और राज्य कोटा का पूरा शेड्यूल
एमसीसी के अनुसार, AIQ के पहले राउंड में सीट प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को 22 अगस्त तक संबंधित मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद दूसरा राउंड 24 अगस्त से 2 सितंबर तथा तीसरा राउंड 10 सितंबर से 18 सितंबर तक आयोजित होगा।
वहीं राज्य कोटा की काउंसलिंग 13 अगस्त से 22 अगस्त तक चलेगी। इस राउंड में चयनित अभ्यर्थियों को 28 अगस्त तक रिपोर्ट करना होगा। राज्य कोटा का दूसरा चरण 31 अगस्त से 8 सितंबर और तीसरा चरण 16 सितंबर से 26 सितंबर के बीच आयोजित किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन और चॉइस फिलिंग
अभ्यर्थियों को एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद निर्धारित काउंसलिंग शुल्क जमा कर अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेज और कोर्स का चयन करना होगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर चॉइस लॉकिंग करना अनिवार्य रहेगा। सीटों का आवंटन NEET UG रैंक, श्रेणी, आरक्षण नियम, भरे गए विकल्प और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा। सीट मिलने के बाद अभ्यर्थियों को तय समय में संबंधित संस्थान में दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
जरूरी दस्तावेजों की सूची
काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थियों को NEET UG 2026 स्कोरकार्ड, एडमिट कार्ड, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट एवं प्रमाणपत्र, वैध पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, डोमिसाइल प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), श्रेणी या EWS प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) तथा काउंसलिंग प्राधिकरण द्वारा मांगे गए अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
एमसीसी के तीन नए नियम से मिलेगी राहत
इस वर्ष एमसीसी ने काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पहला, यदि किसी अभ्यर्थी को सीट मिलने के बाद वह अगले राउंड में अपग्रेड का विकल्प चुनता है तो उसे पहले आवंटित कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग नहीं करनी होगी। दूसरा, अब सीट छोड़ने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अभ्यर्थी पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समय में सीट छोड़ सकेंगे। तीसरा, NRI कोटा के उम्मीदवार अब अपने आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन पोर्टल पर ही अपलोड कर सकेंगे, जिससे उन्हें अलग से दस्तावेज जमा कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी निर्धारित तिथियों का पालन करें, समय पर आवेदन करें और आधिकारिक वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने के बाद ही काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लें।
खबरें और भी…

