बिलासपुर/रायपुर, छत्तीसगढ़
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त सामान (लगेज) बुकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब रेल यात्री हवाई यात्रा की तर्ज पर टिकट बुकिंग के दौरान ही अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। रेलवे बोर्ड के नए दिशा-निर्देश 31 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो गए हैं। नई व्यवस्था से यात्रियों को अतिरिक्त सामान बुक कराने के लिए रेलवे पार्सल काउंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
हेड लाइंस
• रेलवे ने शुरू की ऑनलाइन अतिरिक्त लगेज बुकिंग सुविधा
• अब टिकट बुकिंग के साथ ही कर सकेंगे अतिरिक्त सामान दर्ज
• केवल कन्फर्म रिजर्वेशन वाले यात्रियों को मिलेगा लाभ
• बिना बुकिंग अतिरिक्त सामान ले जाने पर लगेगा छह गुना तक जुर्माना
नई सुविधा से यात्रियों को मिलेगी राहत
बिलासपुर/रायपुर। रेलवे के नए नियमों के तहत यात्री टिकट बुकिंग के समय या उसके बाद IRCTC एवं रेलवे के पार्सल पोर्टल के माध्यम से अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इसके लिए अतिरिक्त वजन की जानकारी दर्ज कर निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। रेलवे ने इस सुविधा को फिलहाल केवल कन्फर्म आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए लागू किया है। वेटिंग टिकट या अन्य गैर-पुष्ट टिकट धारक इस सुविधा का लाभ नहीं ले सकेंगे। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों का समय बचाना और पार्सल काउंटरों पर भीड़ कम करना है।
किन यात्रियों को मिलेगी सुविधा, कितना सामान रहेगा मुफ्त
बिलासपुर/रायपुर। ऑनलाइन अतिरिक्त लगेज बुकिंग सुविधा एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2-टियर, फर्स्ट क्लास, स्लीपर क्लास और सेकंड क्लास के यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। एसी फर्स्ट क्लास में 70 किलोग्राम तक सामान मुफ्त तथा अतिरिक्त शुल्क देकर अधिकतम 150 किलोग्राम तक ले जाया जा सकेगा। एसी 2-टियर एवं फर्स्ट क्लास में 50 किलोग्राम मुफ्त और अधिकतम 100 किलोग्राम तक, स्लीपर क्लास में 40 किलोग्राम मुफ्त और अधिकतम 80 किलोग्राम तक तथा सेकंड क्लास में 35 किलोग्राम मुफ्त और अधिकतम 70 किलोग्राम तक सामान ले जाने की अनुमति होगी।
इन श्रेणियों को नहीं मिलेगा लाभ
बिलासपुर/रायपुर। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि एसी 3-टियर, एसी 3 इकोनॉमी और एसी चेयर कार के यात्रियों को ऑनलाइन अतिरिक्त लगेज बुकिंग सुविधा नहीं मिलेगी। इन श्रेणियों में मुफ्त एवं अधिकतम सामान की सीमा 40 किलोग्राम तय की गई है। साथ ही एसी 3-टियर, एसी 3 इकोनॉमी और एसी चेयर कार में बैग का अधिकतम आकार 55×45×22.5 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है। वहीं एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2-टियर, स्लीपर और जनरल श्रेणी में बैग का अधिकतम आकार 100×60×25 सेंटीमीटर रहेगा।
यह भी पढ़ें; आज रायपुर में बारिश के आसार, IMD ने जारी किया ताजा मौसम अपडेट…
बिना बुकिंग अतिरिक्त सामान पर होगी कार्रवाई
बिलासपुर/रायपुर। रेलवे के अनुसार ऑनलाइन लगेज बुकिंग का न्यूनतम शुल्क 30 रुपये निर्धारित किया गया है। यदि कोई यात्री निर्धारित सीमा से अधिक सामान बिना बुकिंग के लेकर यात्रा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में सामान्य लगेज शुल्क का छह गुना तक जुर्माना वसूला जा सकता है। रेलवे का मानना है कि नई डिजिटल व्यवस्था से यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी, यात्रा की बेहतर योजना बन सकेगी और रेलवे सेवाएं पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी एवं आधुनिक बनेंगी।
खबरें और भी…

