हिसार, हरियाणा / भारत
कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने संसद में छात्रों के मुद्दों पर हुई चर्चा और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का किया स्वागत, शिक्षा व्यवस्था में सुधार व निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग।
हेड लाइंस
• छात्रों के मुद्दों पर संसद से सुप्रीम कोर्ट तक गूंजी आवाज
• प्रियंका गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों का कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने किया समर्थन
• जंतर-मंतर घटना की न्यायिक जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
• निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की अपील, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
हिसार, हरियाणा। कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट हरियाणा के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल और स्टेट मीडिया कॉर्डिनेटर एडवोकेट बजरंग इंदल ने संसद में एंटी पेपर लीक विधेयक पर हुई चर्चा तथा सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज अब संसद से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक मजबूती से पहुंच रही है। उनका कहना है कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों का लोकतांत्रिक और पारदर्शी समाधान प्रस्तुत करना चाहिए।
संसद में उठे छात्रों के मुद्दों का समर्थन
एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि लोकसभा में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी द्वारा छात्रों, शिक्षा व्यवस्था और जंतर-मंतर की घटना को लेकर उठाए गए मुद्दे देश के करोड़ों विद्यार्थियों की भावनाओं को प्रतिबिंबित करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार युवाओं का विश्वास जीतना चाहती है तो उसे रोजगारपरक शिक्षा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
जंतर-मंतर घटना की निष्पक्ष जांच की मांग
स्टेट मीडिया कॉर्डिनेटर एडवोकेट बजरंग इंदल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा बिना आपराधिक रिकॉर्ड वाले छात्रों की रिहाई, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच के संबंध में दिए गए निर्देश संविधान और कानून के शासन को मजबूत करते हैं। उन्होंने मांग की कि यदि जंतर-मंतर पर बल प्रयोग और पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़े आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध हैं तो पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की अपील
कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट हरियाणा के नेताओं ने महाराष्ट्र और बिहार सरकार द्वारा छात्र आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेने के फैसले का स्वागत करते हुए अन्य राज्यों से भी निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की अपील की। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, छात्र आंदोलनों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा जंतर-मंतर लाठीचार्ज और पैलेट गन प्रयोग की घटना की स्वतंत्र न्यायिक जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
खबरें और भी…

