मौसम/ रायपुर, छत्तीसगढ़
गहरे अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में अगले दो दिनों तक व्यापक बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर सहित अनेक क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है।
हेड लाइंस
• गहरे अवदाब के कारण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन भारी बारिश के आसार
• चांपा में 11 सेमी बारिश, रायपुर में 5 सेमी वर्षा दर्ज
• कई जिलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा का अलर्ट
• प्रदेश में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम हुई मौसमी वर्षा
रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में सक्रिय गहरे अवदाब के असर से पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा चांपा में दर्ज की गई, जबकि राजधानी रायपुर में देर रात तक लगातार बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा जारी रहने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश भी हो सकती है। हालांकि अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
सिनोप्टिक सिस्टम का प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है। वहीं मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, पिलानी, हमीरपुर, डाल्टनगंज होते हुए गहरे अवदाब के केंद्र से गुजरते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिससे प्रदेश में व्यापक वर्षा की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
इन जिलों में सबसे अधिक हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में चांपा में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर तथा नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। रायपुर शहर में भी 5 सेंटीमीटर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। बुधवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की घटनाओं से सतर्क रहने की अपील की है।
खबरें और भी…

