जी.भूषण /रायपुर
बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम ने जोन-6 के वार्ड क्रमांक 60 में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए नाले पर बने लगभग 20 अवैध पाटों को हटाया। जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण तोड़कर नाले की सफाई कराई गई और करीब 3 डम्पर मलबा बाहर निकाला गया।
हेड लाइन्स
भैरव नगर से बोरिया रोड तक नाले पर बने 20 अवैध पाट हटाए
जेसीबी से कार्रवाई, नाले की सफाई में आ रही बाधा दूर
करीब 3 डम्पर मलबा निकालकर जल निकासी व्यवस्था सुधारी गई
महापौर और आयुक्त के निर्देश पर निगम जोन-6 की प्रभावी कार्रवाई
रायपुर, छत्तीसगढ़। रायपुर नगर पालिक निगम ने लगातार हो रही बारिश के बीच जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जोन-6 के वार्ड क्रमांक 60 में विशेष अभियान चलाया। महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भैरव नगर से बोरिया रोड तक नाले पर अवैध रूप से बनाए गए लगभग 20 पाटों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया। इन अवैध पाटों के कारण नाले की नियमित सफाई प्रभावित हो रही थी और जल निकासी बाधित हो रही थी।
सफाई में बाधा बनी अवैध संरचनाएं हटाईं
जोन कमिश्नर श्री हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान वार्ड पार्षद श्री रमेश सपहा तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री आदिव्य हजारी भी उपस्थित रहे। अवैध पाट हटाने के बाद नाले को कब्जामुक्त कर उसकी व्यापक सफाई कराई गई, जिससे पानी के निर्बाध प्रवाह का मार्ग साफ हुआ।
3 डम्पर मलबा निकालकर सुधारी जल निकासी व्यवस्था
सफाई अभियान के दौरान नाले से लगभग 3 डम्पर मलबा और गाद बाहर निकाली गई। निगम अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से जमा मलबे और अवैध पाटों के कारण नाले की क्षमता प्रभावित हो रही थी, जिससे बारिश के समय आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन जाती थी। कार्रवाई के बाद जल निकासी व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।
बारिश में जलभराव रोकने निगम का अभियान जारी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने के लिए नालों से अतिक्रमण हटाने और नियमित सफाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नालों पर अवैध निर्माण न करें और शहर की जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
खबरें और भी…
