Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

खेत में ट्रैक्टर पलटने से चालक की दर्दनाक मौत, कीचड़ से निकालने की कोशिश बनी हादसे की वजह…

छत्तीसगढ़ / अंबिकापुर

प्रमुख बिंदु
• अंबिकापुर के तेंदुटिकरा गांव में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत।
• कीचड़ में फंसे ट्रैक्टर को निकालने के दौरान हुआ हादसा।
• पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की।

अंबिकापुर। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेंदुटिकरा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामनगर ग्राम पंचायत निवासी बालम सिंह नेटी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह अपने रिश्तेदार के खेत में ट्रैक्टर से नागर जोताई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर खेत के कीचड़ में बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर में लगे नागर को हटाकर पिछले पहियों में बल्ली फंसाकर खींचने का प्रयास किया जा रहा था। तभी अचानक ट्रैक्टर का अगला हिस्सा ऊपर उठ गया और वाहन पीछे की ओर पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण खेतों में अत्यधिक कीचड़ होने से ट्रैक्टर फंसने की घटनाएं बढ़ गई हैं। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

खबरें और भी

हमारे WhatsApp ग्रुप को फॉलो करना न भूलें।
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version