Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

महिंद्रा शोरूम में 10.24 लाख की ठगी, टीम लीडर ग्राहकों से अपने खाते में जमा कराता रहा डाउन पेमेंट…

रायपुर | छत्तीसगढ़

राजधानी रायपुर के एक महिंद्रा शोरूम में वाहन बुकिंग और डाउन पेमेंट के नाम पर 11 ग्राहकों से 10.24 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी टीम लीडर रकम अपने निजी खाते में जमा कराकर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हेड लाइंस
• महिंद्रा शोरूम के टीम लीडर पर 10.24 लाख रुपये की ठगी का आरोप
• 11 ग्राहकों से वाहन बुकिंग और डाउन पेमेंट के नाम पर वसूली
• कंपनी के खाते में नहीं पहुंची एक भी रकम, आरोपी फरार
• तेलीबांधा थाना पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला

रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित लाभांडी के शिवनाथ मोटर्स (महिंद्रा शोरूम) में वाहन बिक्री के दौरान बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शोरूम में टीम लीडर के पद पर कार्यरत नीरज चंद्राकर पर आरोप है कि उसने ग्राहकों से वाहन बुकिंग और डाउन पेमेंट के नाम पर कुल 10 लाख 24 हजार 853 रुपये अपने निजी खाते में जमा करा लिए। भुगतान लेने के बाद न तो वाहन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी हुई और न ही राशि कंपनी के खाते में जमा की गई। मामला उजागर होने के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया।

जिम्मेदारी का उठाया गलत फायदा

पुलिस के अनुसार, शिवनाथ मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के एचआर मैनेजर सूरज ढलाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया कि नीरज चंद्राकर 16 फरवरी 2026 से 25 जून 2026 तक टीम लीडर के पद पर कार्यरत था। उसे वाहन खरीदने वाले ग्राहकों से संपर्क कर बुकिंग और डाउन पेमेंट की प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी दौरान उसने ग्राहकों को कंपनी के बजाय अपने निजी यूपीआई आईडी या नकद के माध्यम से भुगतान करने के लिए राजी कर लिया।

11 ग्राहकों से अलग-अलग राशि की वसूली

जांच में सामने आया कि आरोपी ने 11 ग्राहकों से अलग-अलग किस्तों में राशि वसूली। इनमें कुछ ग्राहकों से हजारों तो कुछ से लाखों रुपये लिए गए। कुल मिलाकर 10,24,853 रुपये की राशि कंपनी तक पहुंचने के बजाय आरोपी के निजी खाते और नकद के माध्यम से उसके पास चली गई। जब ग्राहकों ने वाहन बुकिंग और डिलीवरी की जानकारी मांगी तो कंपनी के रिकॉर्ड में उनके भुगतान का कोई विवरण नहीं मिला।

जांच में खुला फर्जीवाड़ा, पुलिस कर रही तलाश

शोरूम प्रबंधन ने जब लेन-देन की आंतरिक जांच की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। हिसाब मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में मोबाइल बंद कर फरार हो गया। इसके बाद एचआर मैनेजर ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

ख़बरें और भी…

Exit mobile version