Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: टीवी खरीदने जा रहे दो दोस्तों को हाईवा ने मारी टक्कर, एक की मौत…

हेड लाइन्स:

जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार में विवाह समारोह की तैयारियां चल रही थीं और दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने दो दोस्त स्कूटी से मल्हार जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बिनौरी मोड़ के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती है।

टीवी खरीदने जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के अनुसार, लोहर्सी निवासी 50 वर्षीय बरन भानु अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ स्कूटी से मल्हार की ओर जा रहे थे। रास्ते में बिनौरी मोड़ के पास सामने से आ रहे हाईवा ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और डायल-112 को सूचना दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, साथी की हालत गंभीर

पुलिस की मदद से दोनों घायलों को पहले मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु की मौत हो गई, जबकि बंशी श्रीवास का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

हाईवा जब्त, फरार चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पचपेड़ी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के घर में शोक का माहौल है। जिस परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां इस दुखद घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।

ख़बरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें:
http://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version