Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

धमतरी में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 75 हजार बोरी धान बीज की बिक्री पर रोक, बीज कंपनी पर गिरी गाज…

धमतरी / छत्तीसगढ़

कुरूद के बंजारी स्थित बीज प्रोसेसिंग इकाई में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए नमूने
हेडलाइंस

धमतरी। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरूद विकासखंड के ग्राम बंजारी स्थित मैसर्स पान सीड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीज प्रोसेसिंग एवं भंडारण परिसर पर छापामार निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर परिसर में रखी करीब 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। विभाग ने कंपनी को तीन दिनों के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

राज्य स्तरीय जांच दल ने किया औचक निरीक्षण

संचालक कृषि राहुल देव के निर्देशन में राज्य स्तरीय जांच दल ने कंपनी परिसर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग से संबंधित आवश्यक जानकारी जिला कृषि कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इसके अलावा लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों से अलग अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण, पैकेजिंग सामग्री के उपयोग और वितरण में भी निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आया।

बीज और पैकेजिंग सामग्री पर लगाई गई रोक

अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए कृषि विभाग ने परिसर में उपलब्ध कच्चे एवं ग्रेडेड धान बीज के साथ-साथ पूरी पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी है। वहीं पैक किए गए धान बीजों के नमूने एकत्रित कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किसानों के हितों से नहीं होगा कोई समझौता

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बीज अधिनियम एवं संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों तक केवल प्रमाणित, गुणवत्तायुक्त और मानकों के अनुरूप बीज ही पहुंचें, जिससे खरीफ फसलों का उत्पादन प्रभावित न हो।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में संचालनालय कृषि के मयंक बघेल, उप संचालक कृषि जितेंद्र ठाकुर, सहायक संचालक कृषि सहित जिला स्तर के बीज निरीक्षकों एवं कृषि अधिकारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में भी प्रदेशभर में बीज उत्पादन, भंडारण और वितरण से जुड़े संस्थानों का निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

ख़बरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें:
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version