रायपुर / छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में संजय अग्रवाल ने संभाला पदभार, योग संस्कृति के व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर
हेडलाइंस
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
- संजय अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।
- प्रदेश में गांव-गांव और विद्यालयों तक योग पहुंचाने पर रहेगा विशेष फोकस।
- आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार की पहल।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
योग आयोग से प्रदेश में योग अभियान को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने संजय अग्रवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग योग के प्रचार-प्रसार को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि आयोग गांव-गांव, विद्यालयों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत की प्राचीन योग परंपरा को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। आज दुनिया के 176 से अधिक देश 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाकर भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का सम्मान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ में आयुर्वेद एम्स की स्थापना का आग्रह किया गया है।
आयुर्वेद और वेलनेस पर्यटन की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का लगभग 44 प्रतिशत वन क्षेत्र औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध है। ऐसे में प्रदेश भविष्य में आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और वेलनेस पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है ताकि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार और पर्यटन के नए अवसर भी विकसित हो सकें।
योग संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और राज्य सरकार इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विधायक किरण सिंह देव ने विश्वास व्यक्त किया कि संजय अग्रवाल के नेतृत्व में योग आयोग प्रदेश के प्रत्येक गांव, शहर और परिवार तक योग की पहुंच सुनिश्चित करेगा। समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधि, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, योग साधक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
खबरें और भी…
स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें।
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

