Site icon स्वतंत्र छत्तीसगढ़

राजस्थान से आकर रायपुर में की थी 7 लाख की चोरी, 15 दिन बाद पुलिस ने दबोचे अंतर्राज्यीय गिरोह के चार सदस्य…

रायपुर / छत्तीसगढ़

सरोना की विदेशी शराब दुकान में लॉकर उखाड़कर की गई थी लाखों की चोरी, फरार आरोपी की तलाश जारी
हेडलाइंस

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरोना स्थित कम्पोजिट विदेशी शराब दुकान में हुई 7.05 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के रहने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है। आरोपियों ने दुकान का लॉकर उखाड़कर उसमें रखी नकदी, शराब की बोतलें और सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15.50 लाख रुपये का मशरूका, वारदात में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

15 दिनों की जांच और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

चोरी की इस वारदात को सुलझाने के लिए अपराध शाखा, साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस ने लगातार 15 दिनों तक जांच की। पुलिस टीम ने रायपुर सहित अन्य राज्यों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में चिन्हित की। इसके बाद विशेष पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पहले की रेकी, फिर बनाई चोरी की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य पहले रायपुर पहुंचा था और शराब दुकान की रेकी कर वापस लौट गया था। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार सभी आरोपी कार से रायपुर आए और रात के समय दुकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। आरोपियों ने लॉकर उखाड़कर उसमें रखे 7 लाख 5 हजार 580 रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा लगभग 10 हजार 820 रुपये मूल्य की शराब और दुकान का सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि पहचान के सबूत मिटाए जा सकें।

दो लाख रुपये नकद, कार और मोबाइल फोन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई चारपहिया वाहन और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 15.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि चोरी की गई शेष रकम और अन्य सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड, फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, मारपीट और मादक पदार्थ अधिनियम से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह गिरोह अन्य राज्यों में हुई इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। मामले में आमानाका थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें।
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG

Exit mobile version